रिजिजू की केजरीवाल को नसीहत, कहा-राजनीति को इतना मत गिराओ

Thursday, Dec 08, 2016 - 09:52 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए वार का जवाब वीरवार को गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू की ओर से आया। मुख्यमंत्री के बयान की निंदा करते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि अगला उपराष्ट्रपति एक भारतीय होगा। साथ ही, रिजिजू ने केजरीवाल पर राजनीति का स्तर गिराने का भी आरोप लगाया।

बुधवार को केजरीवाल ने कहा था कि एल.जी. नजीब जंग चाहे जितनी भी कोशिश कर लें लेकिन वह देश के उपराष्ट्रपति कभी नहीं बन सकेंगे। उपराज्यपाल जंग के साथ अपने मतभेदों को सांप्रदायिक रंग देते हुए केजरीवाल ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी एक मुस्लिम को यह पद नहीं दे सकते हैं।केजरीवाल को जवाब देते हुए रिजिजू ने ट्वीट किया कि मुस्लिम, मुस्लिम, मुस्लिम! भाई केजरीवाल, हम सभी एक हैं। देखना, अगला उपराष्ट्रपति एक भारतीय होगा।


रिजिजू ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि केजरीवाल जी, राजनीति को इतने निचले स्तर तक गिराने की आपको क्या जरूरत पड़ी। आपको इससे फायदा हो सकता है, लेकिन भारत को इससे नुक्सान होगा। भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी को दिल्ली महिला आयोग के सदस्य सचिव के तौर पर नियुक्त करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने जंग की तुलना हिटलर से भी की थी। 

Advertising