प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मी से छीनी राइफल, पुलिस दल पर किया पत्थराव

Friday, Dec 16, 2016 - 07:30 PM (IST)

श्रीनगर :  मध्य कश्मीर में बडग़ाम जिला के मागम इलाके में शुक्रवार को झड़पों के दौरान घायल पुलिसकर्मी से प्रदर्शनकारियों ने राइफल छीन ली और फरार हो गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मागम इलाके के माखामा गांव में प्रदर्शनकारियों ने रियाज अहमद नामक पुलिस कांस्टेबल से इंसास राइफल छीन ली। वहीं, झड़पों के दौरान घायल पुलिसकर्मी का उप जिला अस्पताल मागम में उपचार चल रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि आज जुमा नमाज के बाद लोगों ने जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने आजादी समर्थक और देश विरोधी नारेबाजी की। जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने इलाके में तैनात पुलिसकर्मियों पर पत्थराव किया। प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए पुलिस ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया। दोनो पक्षों के बीच काफी समय तक हिंसक झड़पें हुई।


घटना के बारे में पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि माखामा इलाके में आज जुमा नमाज के बाद किसी मुद्दे पर दो समूहों के बीच हाथापाई हुई। शांति बहाली के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, कुछ उपद्रवियों ने पुलिस दल पर पत्थराव शुरु कर दिया। घटना के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने इंसास राइफल छीन ली और भाग गए। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और मामले में जांच शुरु कर दी।


इस बीच बारामुला जिला के सोपोर कस्बे में आज पत्थराव के दौरान पत्थर लगने से एक 9 वर्षीय किशोर घायल हो गया। प्रवक्ता ने कहा कि सोपोर के बडाबजार इलाके में जुमा नमाज के बाद कुछ उपद्रवियों ने सामान्य जनजीवन को बाधित करने के लिए पुलिस तैनाती पर पत्थराव किया। पत्थराव के दौरान 9 वर्षीय किशोर मुरसलीन आजाद डार पुत्र आजाद अहमद डार निवासी बटपुरा को पत्थर लग गया और वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए तुरन्त स्थानीय अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।

Advertising