कल आएंगे कर्नाटक उपचुनाव के नतीजे, तय होगा येदियुरप्पा सरकार का भाग्य

punjabkesari.in Sunday, Dec 08, 2019 - 10:21 PM (IST)

बेंगलुरूः कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार को होगी और इससे चार महीने पुरानी राज्य की भाजपा सरकार का भविष्य तय होगा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि इन सीटों पर पांच दिसम्बर को चुनाव हुआ था जिसमें 67.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतगणना सुबह आठ बजे 11 केन्द्रों पर शुरू होगी और अपराह्र तक सभी परिणाम आने की उम्मीद है।

ये उपचुनाव 17 विधायकों को अयोग्य करार देने से रिक्त सीटों को भरने के लिये कराये गये थे। इन विधायकों में कांग्रेस और जद(एस) के बागी नेता शामिल थे। इन विधायकों की बगावत के चलते जुलाई में एच डी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जद(एस) सरकार गिर गई थी और बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ था। इस समय भाजपा के पास 105 विधायक (एक निर्दलीय समेत) हैं, कांग्रेस के 66 और जद (एस) के 34 विधायक हैं। इनके अलावा बसपा का एक सदस्य है, एक मनोनीत विधायक है और अध्यक्ष हैं।

पुलिस ने बताया कि मतगणना के लिए सुरक्षा समेत सभी प्रबंध किये गये हैं। मतगणना केन्द्रों के आसपास लोगों को एकत्र होने से रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है। येदियुरप्पा ने रविवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि उनकी पार्टी कम से कम 13 सीटें जीतेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। यहां तक कि लोगों को भी हमसे यही उम्मीदें हैं।''

भाजपा ने पार्टी में शामिल हुए 16 में से 13 अयोग्य विधायकों को उनके संबंधित क्षेत्रों से टिकट दिया है। उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और जद (एस) के टिकटों पर जीत हासिल की थी। जिन 15 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें 12 पर कांग्रेस और तीन पर जद (एस) का कब्जा था।

येदियुरप्पा ने जताया जीत का भरोसा
कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजों से एक दिन पहले रविवार को कर्नाटक ते मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भारतीय जनता पाटर्ी (भाजपा) की जीत का विश्वास जताया। डॉक्टर बी आर अंबेडकर भवन का उदघाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने विपक्षी पाटिर्यों से स्थिर सरकार चलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) (जदएस) एक-एक सीट जीत सकते हैं। उन्होंने भाजपा की जीत के प्रति विश्वास व्यक्त किया। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News