गणतंत्र दिवस: इस साल भी PM मोदी ने निभाई परंपरा, परेड के बाद कर्तव्य पथ पर लोगों का किया अभिवादन

Thursday, Jan 26, 2023 - 03:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर गुरुवार को कर्त्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह के दौरान दुनिया भारत के अपार सैन्य शौर्य की साक्षी बनी। मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी गुरुवार को दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए जिन्होंने भारत का गणतंत्र दिवस समारोह देखा है। मिस्र के राष्ट्रपति अल सीसी इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में चीफ गेस्ट रहे।

 

वहीं इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पुरानी परंपरा को इस साल भी जारी रखा। गणतंत्र दिवस की परेड खत्म होने के बाद पीएम मोदी कर्तव्य पथ पर चलते नजर आए। उन्होंने लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वहीं इससे पहले परेड की शुरुआत से पहले पीएम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक गए और वहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

इसके बाद परंपरा के अनुसार राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद तिरंगे को 21 तोपों की सलामी दी गई। इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर 25 पाउंडर पुरानी तोपों की बजाय नए 105 एमएम इंडियन फिल्ड गन से राष्ट्रीय ध्वज को 21 तोपों की सलामी दी गई। यह फैसला सरकार की मेक इन इंडिया पहल को और आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लिया है।

Seema Sharma

Advertising