लद्दाख में ठंड से मिली थोड़ी राहत

Tuesday, Nov 28, 2017 - 06:48 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई वहीं राज्य के लद्दाख क्षेत्र में पारे में हल्की बढ़ोतरी के साथ लोगों को भीषण ठंड से थोड़ी राहत मिली। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पिछली रात यहां तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। अधिकारी ने बताया कि करगिल में कल न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। एक रात पहले वहां का तापमान शून्य से नीचे 10.4 डिग्री था।
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।


अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और कोकरनाग में तापमान क्रमश:  शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पर्यटन के लिये मशहूर रिजॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने आज दिन में मौसम शुष्क रहने के अनुमान के साथ ही कल सुबह घाटी में हल्की बारिश एवं बर्फबारी की संभावना जताई है।
 

Advertising