भ्रष्टाचार में फंसी जम्मू-कश्मीर की बीमा योजना, रिलायंस का ठेका रद्द

Thursday, Oct 25, 2018 - 07:56 PM (IST)

श्रीनगर : जम्मू और कश्मीर में 4 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित मेडिकल बीमा योजना को रद्द कर दिया गया है। महज एक महीने पहले शुरू हुई यह योजना भ्रष्टाचार का शिकार हो गई है। रिलायंस कंपनी को मिले इसके ठेके में प्रदेश के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को धांधली होने की आशंका है। इसे देखते हुए बुधवार को यह योजना रद्द करने का फैसला किया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रिलायंस कंपनी को दिए गए ठेके में बड़ी अनियमितताएं पाई गई हैं। राज्यपाल ने इस मुद्दे को काफी गंभीरता से लिया है। अगले एक-दो दिन में प्रदेश सरकार की ओर से बीमा योजना रद्द करने का ऐलान कर दिया जाएगा।


बीते 26 सितंबर को सरकार के वित्त विभाग ने ग्रुप मेडिक्लेम इंस्योरेंस पॉलिसी (जीएमआईपी) के तहत इस बीमा योजना की शुरुआत की थी। इसमें मौजूदा कर्मचारियों के अलावा पेशन धारकों और पत्रकारों के लिए भी बीमा की सुविधा उपलब्ध थी लेकिन इसमें धांधली उजागर होने के बाद इसे रोकने का फैसला किया गया है। इस योजना की शुरुआत पर सरकार ने कहा था कि हर प्रकार के मापदंडों को देख-परख कर और निष्पक्षता के साथ इसे शुरू किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने विपक्ष के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था जिसमें रिलायंस को ठेका देने में धांधली होने की बात कही गई थी।

Monika Jamwal

Advertising