राष्ट्रपति ने बच्चों से की अपील, कहा- ठीक से पढ़ें संविधान

Sunday, Aug 28, 2016 - 08:10 PM (IST)

बेंगलूरु: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कानून के छात्रों से संविधान का ठीक से अध्ययन करने की अपील करते हुए रविवार को उनसे कहा कि वे शासन और राज्य से जुड़े सभी मामलों में भागीदारी कर उन परिवर्तनों का माध्यम बनें, जो वे चाहते हैं। नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (एनएलएसआईयू) 24वें सालाना दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यहां राष्ट्रपति ने छात्रों से संविधान को ठीक से पढऩे, लोकतांत्रिक संस्थाओं और इसके तहत प्रक्रियाओं को समझने तथा आज जिस रूप में देश है, उसका निर्माण करने वाले विकल्पों का विश्लेषण कर सकें।
 
मुखर्जी ने कहा कि मैं आप सभी कानून के छात्रों से हमारे संविधान का अध्ययन ठीक से करने का आग्रह करता हूं। हमारी राजनीतिक व्यवस्था समझें, संविधान और कानून के तहत स्थापित उसकी संस्थाओं और प्रक्रियाओं को समझें। देश आज जैसा है, उसके निर्माण के क्रम में अपनाये गए विकल्पों का विश्लेषण करें। संविधान सभा ने संविधान का मसौदा तैयार किया था। इसमें भारत के लोगांे को प्रतिनिधित्व था। भारत का संविधान दुनिया के उत्कृष्ट संविधानों में शामिल है।
Advertising