NDA में सीटों का बंटवारा और इंडोनेशिया में सुनामी से तबाही, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

Sunday, Dec 23, 2018 - 02:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में सीट बंटवारे से लेकर इंडोनेशिया में सुनामी ने मचाई तबाही तक, हम आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। तो अब एक क्लिक में पढि़ए देश-दुनिया से लेकर खेल जगत की अब तक की बड़ी खबरें। 

इंडोनेशिया में सुनामी का कहर: मृतकों की संख्या 168 हुई, खोज और रेस्कयू ऑप्रेशन जारी
इंडोनेशिया के सुंडा जलडमरूमध्य में शनिवार रात ज्वालामुखी फटने के बाद आई सुनामी से अब तक 168 लोगों की मौत हो गई, करीब 745 लोग घायल हुए हैं और 30 लोग लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता स्तुपो पुर्वो नुग्रोहो ने बताया कि क्राकाटोआ ज्वालामुखी फटने के बाद शनिवार को स्थानीय समयानुसार रात लगभग साढ़े नौ बजे दक्षिणी सुमात्रा और पश्चिमी जावा के पास समुद्र की ऊंची लहरें तटों को तोड़कर आगे बढ़ीं जिससे अनेक मकान नष्ट हो गए।

अमित शाह ने बिहार में किया सीटों का ऐलान, BJP-JDU 17-17 और LJP 6 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी, जदयू और लोजपा के बीच सीट शेयरिंग का आज औपचारिक ऐलान हो गया है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और रामविलास पासवान ने बैठक के बाद ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीट शेयरिंग की घोषणा की। शाह ने कहा कि बीजेपी और जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

महागठबंधन पर बोले PM मोदी- यह अमीर राजवंशों का बेतुका गठजोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन को अस्तित्व बचाने वाला अपवित्र गठबंधन करार दिया। उन्होंने कहा कि धनाढ्य परिवारों का गठजोड़, एक बेतुका गठबंधन है। पीएम 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत चेन्नई मध्य और उत्तर, मदुरई, तिरुचिरापल्ली और तिरुवल्लुवर के बूथ कार्यकर्ताओं से वीडियो संबोधन के जरिए बात कर रहे हैं।

ओडिशाः अग्नि-IV बैलेस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण, जानिए इसकी खासियतें
ओडिशा स्थित एपीजे अब्दुल कलाम आईलैंड से आज सुबह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम अग्नि-IV बैलेस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया। 4 हजार किलोमीटर रेंज वाली इस मिसाइल के जद में पूरा पाकिस्तान और चीन होगा। इतना ही नहीं यह यूरोप तक मार करने में सक्षम है।

दिल्ली NCR में सर्दी का टूटा रिकार्ड, 3.7 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान
दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी है। ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। दिल्लीवासियों को रविवार को इस मौसम की सबसे सर्द सुबह का सामना करना पड़ा। राजधानी में न्यूनतम तापमान घटकर 3.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं गुरुग्राम में न्‍यूनतम तापमान 1.4 डिग्री तक चला गया था।

सोमालिया में राष्ट्रपति भवन के पास विस्फोट, कम से कम 16 लोगों की मौत
सोमालिया में राष्ट्रपति भवन  के निकट एक सैन्य चौकी के पास विस्फोटक से लदे एक वाहन में हुए धमाके  में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि  मोगादिशू को अक्सर निशाना बनाने वाले अल-कायदा से संबद्ध आतंकी समूह  अल शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली हैं।

इमरान के अल्पसंख्यकों वाले बयान पर भड़के नसीरुद्दीन शाह , दिया करारा जवाब
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री  इमरान खान के अल्पसंख्यकों वाले बयान पर भड़के सीनियर एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने करारा जबाव देते हुए कहा कि खान पहले अपना देश संभाले और अपने देश के मुद्दों पर बात करें न कि उनके बारे में, जिससे उनका कोई वास्ता ही नहीं है। हम 70 साल से एक लोकतंत्र हैं और हम जानते हैं कि हमें अपनी देखभाल कैसे करनी है।

अब 16 साल की उम्र में ही बना सकेंगे ड्राइविंग लाइसेंस, होगी बस ये शर्त!
केंद्र सरकार ने देश के करोड़ों किशोरों की बेफ्रिक होकर सड़कों पर दो पहिया वाहनों को चलाने की हसरत पूरी कर दी है। अब 16 से 18 साल के युवा भी दो पहिया वाहनों का ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवा सकेंगे। वर्तमान में 18 साल अथवा इससे अधिक उम्र के युवा ही डीएल बनवा सकते हैं। नए नियम लागू होने से मोटरसाइकिल, स्कूटर, स्कूटी आदि दो पहिया वाहन युवा चला सकें।

पेट्रोल और डीजल ने फिर दी लोगों को राहत, जानें आज कितना सस्ता हुआ तेल
पिछले काफी समय से देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार कटौती हो रही है। आज भी यनि 23 दिसबंर 2018 को दिल्ली में पेट्रोल के दाम में 20 पैसे की कमी आई जिसके बाद आज रेट 70.07 रूपए है वहीं आज डीजल के दाम में भी 18 पैसे की कमी आई जिसके बाद रेट 64.01 रूपए प्रति लीटर हो गए है । 

क्रिसमस पार्टी पर एक साथ पहुंचे अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा
बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और एक्ट्रैस मलाइका अरोड़ा ने रितेश सिधवानी की क्रिसमस पार्टी में एक साथ शिरकत की। अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा पार्टी में एक साथ पहुंचे।दरअसल, रितेश सिधवानी ने आज मुंबई में अपने घर पर एक क्रिसमस पार्टी की मेजबानी की। इस पार्टी में संजय कपूर, जोया अख्तर, प्रेमिका शिबानी दांडेकर, तुषार कपूर, अमृता अरोड़ा और अन्य सेलेब्स के साथ फरहान अख्तर भी पहुंचे। 

शास्त्री ने आलोचकों पर साधा निशाना, कहा- दूर बैठकर बातें बनाना आसान
मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भारतीय टीम की आलोचना को खारिज करते हुए आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि लाखों मील दूर बैठकर बातें करना आसान होता है। भारत को पर्थ में दूसरे टेस्ट में 146 रन से हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर जैसे लोगों ने टीम प्रबंधन की चयन नीति पर सवाल उठाए और कप्तान विराट कोहली तथा मुख्य कोच से अधिक जवाबदेही की मांग की।

 

vasudha

Advertising