कनार्टक संकट में नया मोड़ और वीरेंद्र सहवाग की पत्नी के साथ धोखाधड़ी, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

Saturday, Jul 13, 2019 - 01:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कनार्टक के बागी विधायक एमटीबी नागराज द्वारा कांग्रेस से अलग ना होने के आश्वासन से लेकर 4.5 करोड़ की धोखाधड़ी का शिकार हुई पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की पत्नी तक, हम आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। तो अब एक क्लिक में पढि़ए देश-दुनिया से लेकर खेल जगत की अब तक की बड़ी खबरें। 

कर्नाटक: कांग्रेस के बागी विधायकों के तेवर हुए नरम, नागराज वापस ले सकते हैं इस्तीफा
कर्नाटक में तेज राजनीतिक हलचल के बीच एक और नया मोड़ आ गया है। बागी विधायकों को मनाने में जुटी कांग्रेस को एमटीबी नागराज से उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। खबरों के अनुसार वह अपने इस्तीफे पर पुनर्विचार करने की सोच रहे हैं। नागराज ने बुधवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

वीरेंद्र सहवाग की पत्नी ने अपने बिजनेस पार्टनर पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप, दर्ज कराया केस
भारत के स्टार क्रिकेटरों में शुमार रहे वीरेंद्र सहवाग की पत्नी आरती ने अपने बिजनेस पार्टनर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक आरती ने अपने बिजनेस पार्टनर्स पर उनके नकली हस्ताक्षर करके 4.5 करोड़ रुपये का लोन लेने और फिर उसका भुगतान न करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।

चीन की घुसपैठ पर आर्मी चीफ का बयान, मामलें को सुलझा लिया गया है
भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने चीन की घुसपैठ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई घुसपैठ नहीं हुई थी और इस मामले को सुलझा लिया गया है। चीन के साथ फ्लैग मीटिंग के दौरान इस मुद्दे को उठाया गया था। 

देश में भारी बारिश से हालात बेकाबू, कई राज्यों में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा
देश के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि सड़के नदियों में तबदील हो गई हैं। नदियों के उफान पर आने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में शनिवार को भारी बारिश के आसार हैं।

अलगाववादियों के बंद के बाद आज एक दिन के लिए रोकी गई अमरनाथ यात्रा
अलगवादियों के बंद के बाद आज अमरनाथ यात्रा एक दिन के लिए रोक दी गई। यात्रियों को आज जम्मू कश्मीर में नहीं जाने दिया गया। कश्मीर में आज अलगवादियों ने एक दिन का बंद बुलाया है। 

मां की ममता: अपने अंडों को बचाने चलते ट्रैक्टर के सामने खड़ी ​हो गई चिड़िया, देखें Video
इंसान हो या जानवर मां की ममता दोनों में ही एक समान होती है। इसका एक नजारा चीन में देखने को मिला जहां एक चिड़िया अपने बच्चों को बचाने के लिए ट्रैक्टर के आगे खड़ी हो गई। दिल छू देने वाली वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

भारत में 2006 से 2016 के बीच 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए: संयुक्त राष्ट्र रिपोर्ट
भारत में स्वास्थ्य, स्कूली शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति से लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2006 से 2016 के बीच रिकॉर्ड 27.10 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। इस दौरान खाना पकाने का ईंधन, साफ-सफाई और पोषण जैसे क्षेत्रों में मजबूत सुधार के साथ विभिन्न स्तरों पर यानी बहुआयामी गरीबी सूचकांक मूल्य में सबसे बड़ी गिरावट आई है।

डाटा लीक मामले में Facebook पर लग सकता है 34 हजार करोड़ रुपए का जुर्माना
अमेरिकी नियामकों ने फेसबुक पर सोशल नेटवर्क की गोपनीयता और डेटा सुरक्षा खामियों के लिए 5 अरब डॉलर (करीब 34 हजार करोड़ रुपए) का जुर्माना तय किया है। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार मामलों को देखने वाले फेडरल ट्रेड कमीशन (एफटीसी) ने मार्च 2018 में फेसबुक पर लगे कथित डेटा लीक के आरोपों की जांच शुरू की थी।

वर्ल्ड बैंक की MD और CFO बनीं भारत की अंशुला कांत, लंबे समय से SBI में दे रही थीं सेवाएं
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एमडी अंशुला कांत को विश्व बैंक ने अहम जिम्मेदारी दी। उन्हें विश्व बैंक का एमडी और मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) बनाया गया है। इस सिलसिले में वर्ल्ड बैंक के प्रेसिडेंट डेविड माल्‍पास ने जानकारी दी। अंशुला कांत फाइनेंशियल और रिस्क मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभालेंगी।

फर्स्ट-डे  ऋतिक रोशन की सुपर 30 ने अक्षय कुमार और अजय देवगन को दी मात
शुक्रवार को रिलीज हुई ऋतिक रोशन और मृणाल ठाकुर स्टारर की फिल्म 'सुपर 30' ने फर्स्ट-डे कलेक्शन में अक्षय कुमार और अजय देवगन की फिल्म को मात दी है। बॉक्सऑफिसइंडिया.डॉट कॉम के मुताबिक 'सुपर-30' ने पहले दिन लगभग 12 करोड़ की कमाई की है और ऋतिक ने 2017 में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'काबिल' का रिकॉर्ड भी तौड़ दिया है। 

हार के बाद कप्तान कोहली- रोहित दो गुटों में बटे
न्यूजीलैंड से पहले सेमीफाइनल में हारने के बाद कप्तान विराट कोहली और टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा दो गुटों में बट गए है, जिसमें रोहित और कोहली के बीच इस समय मन मुटाव की बातें हो रही है। 
 

vasudha

Advertising