एक क्लिक में पढ़ें देश-दुनिया की अब तक की बड़ी खबरें

Monday, Nov 20, 2017 - 03:16 PM (IST)

नई दिल्ली: पंजाब केसरी आपके लिए लेकर आया है अब तक की ऐसी बड़ी खबरें जिसे आप अपने व्यस्त शड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलिटेन में हम आपको हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। तो अब एक क्लिक में पढि़ए, देश-दुनिया से लेकर खेल जगत की बड़ी खबरें। 

राहुल गांधी की ताजपोशी: 11 दिसंबर को होगा अध्यक्ष पद का चुनाव
पार्टी अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की ताजपोशी का रास्ता साफ करने के लिए कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बेहद महत्वपूर्ण बैठक आज हो रही है। इसमें कांग्रेस के संगठन का चुनाव 1 से 11 दिसंबर के बीच होना तय हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में उनके आवास 10 जनपथ पर यह बैठक हो रही है।

गुजरात: BJP ने जारी की 28 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट 
भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए अपने 28 उम्मीदवारों की तीसरी सूची आज जारी की जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल की बेहद करीबी मानी जाने वाली पूर्व महिला मंत्री वसुबेन त्रिवेदी तथा एक मौजूदा मंत्री नानु वानाणी समेत 15 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। 

लुधियानाः फैक्टरी में अाग के बाद गिरी बिल्डिंग,1 की मौत
लुधियाना के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित प्लास्टिक के पॉलिथीन बनाने वाली फैक्टरी  की इमारत भीषण आग लगने के बाद गिर गई।इस हादसे में 1 की मौत हो गई,जबकि कई लोगों के दबे होने की खबर है।

अयोध्या में राम मंदिर तो लखनऊ में बने अमन की मस्जिद: वसीम रिजवी
अयोध्या विवाद पर यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा कि राम मंदिर अयोध्या में बनना चाहिए, जबकि लखनऊ में अमन की मस्जिद बने। इसके लिए शिया वक्फ बोर्ड ने लखनऊ के घंटाघर के पास ट्रस्ट की ज़मीन पर मस्जिद बनाने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही कहा गया है कि इस मस्जिद का नाम किसी राजा के नाम न होकर अमन की मस्जिद रखा जाए।

SC ने वैष्णो देवी में नए मार्ग को खोलने के NGT के आदेश पर लगाई रोक
सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू में वैष्णो देवी मंदिर तक पैदल यात्रियों और बैटरी से चलने वाली कारों के लिए 24 नवंबर से नया मार्ग खोलने के एनजीटी के आदेश पर रोक लगा दी है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि मंदिर के लिए नया मार्ग अगले वर्ष फरवरी के अंत तक खोला जाएगा।

भारत ने इजराइल के साथ रद्द की 500 मिलियन डॉलर की डील
रक्षा मंत्रालय ने इजराइल के साथ स्पाइक एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल के लिए 500 मिलियन डॉलर की डील को रद्द कर दिया है। माना जा रहा है कि मंत्रालय ने यह कदम मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए उठाया है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय अब मैन पोर्टेबल एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल (MPATGM) स्वदेश में ही बनाना चाहता है।

न्यू कालेडोनिया के पूर्वी भाग में 7 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
न्यू कालेडोनिया के पूर्वी भाग में आज 7.0 तीव्रता का तेज भूकंप आने के बाद सुनामी और सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी जारी की गई। हालांकि कहीं से किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं है।  स्थानीय अधिकारियों ने उक्त जानकारी दी।

SBI ने किया यह खास ट्वीट, आपके लिए जानना है बेहद जरूरी
अगर आप भी भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक हैं तो आपको इस साल की 31 दिसंबर तक यह काम हर हाल में करना होगा। भारतीय स्टेट बैंक के अनुसार 31 दिसंबर तक आपको अपने आधार कार्ड को अपने बैंक खाते से जोड़ना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने वाले ग्राहकों का बैंक खाता निष्क्रिय कर दिया जाएगा।

GST: कंपनियों को सरकार की सख्त हिदायत, ग्राहक को धोखा देना पड़ेगा महंगा
कई वस्तुओं पर जी.एस.टी. की दरों में भारी कटौती के बावजूद अगर कंपनियां उनके अधिकतम विक्रय मूल्य (एम.आर.पी.) को घटाने में ज्यादा समय लेती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वित्त सचिव हसमुख अढ़‍िया ने यह जानकारी देते हुए कहा कि दुकानदार या कंपनियां यह दावा नहीं कर सकतीं कि स्टॉक खत्म होने से ऊंची कीमतें बरकरार रहेंगी।

फिल्म 'तुम्हारी सुलु' ने तीन दिनों में कमाए इतने करोड़
बॉलीवुड एक्ट्रैस विद्या बालन की फिल्म 'तुम्हारी सुलु' की तीसरे दिन की कमाई सामने आ गई है। इस फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में लगभग 13 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। शुक्रवार को इस फिल्म के खाते में 2.87 करोड़ रुपए आए थे। शनिवार को इसे 4.61 करोड़ रुपए मिले। संडे को जोरदार कमाई हुई और 5.39 करोड़ रुपए जेब में आए। इस तरह कुल कमाई 12.87 करोड़ रुपए रही। 

कोहली का शतक, भारत ने श्रीलंका को दिया 231 रनों का लक्ष्य
कप्तान विराट कोहली(नाबाद 104) रन की बेहतरीन शतकीय पारी के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ उतार चढ़ाव से भरे हुये पहले क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को 230 रन की बढ़त मिलने के साथ ही अपनी पारी को घोषित कर दिया।  

Advertising