आज मुंबई जा रहे पीएम मोदी, RBI के कार्यक्रम में होंगे शामिल, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

Monday, Apr 01, 2024 - 05:27 AM (IST)

नेशनल डेस्कः पीएम मोदी आज मुंबई के दौरे पर होंगे। वह वहां आरबीआई के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। बता दें कि आज से ठीक 90 साल पहले आरबीआई की स्थापना हुई थी। अब वह अपने 91वें साल में प्रवेश करने जा रहा है। पीएम मोदी वहां सभा को संबोधित भी करेंगे। इससे पहले 28 फरवरी को पीएम महाराष्ट्र के दौरे पर थे। 

पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान ने मचाई भीषण तबाही, 4 लोगों की मौत 
पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में स्थित जलपाईगुड़ी जिले के कुछ हिस्सों में ‘अचानक' आए तूफान की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए। जिला मुख्यालय शहर के अधिकांश हिस्सों और पड़ोसी मैनागुड़ी के कई इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने से कई झोपड़ियां और मकान क्षतिग्रस्त हो गए, पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए।

कांग्रेस की जितनी संपत्ति उससे दोगुना देना पड़ सकता है टैक्‍स 
चुनावी साल में कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। दरअसल, माना जा रहा है कि कांग्रेस की जितनी संपत्ति है उससे ज्यादा उसे टैक्स देना पड़ सकता है। कांग्रेस को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से 1745 करोड़ रुपये का नया नोटिस मिला है। यह पार्टी से 1823 करोड़ से अधिक कर की मांग करने के कुछ दिनों बाद आया है। कुल मिलाकर आयकर कार्यालय ने अब तक कांग्रेस पार्टी से 3,567 करोड़ रुपये का कर मांगा है। 

'यह लोकतंत्र बचाओ नहीं, परिवार बचाओ- भ्रष्टाचार छुपाओ रैली है', विपक्ष की रैली पर भाजपा का वार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को यहां रामलीला मैदान में विपक्षी ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन की रैली की आलोचना करते हुए कहा कि यह ‘‘लोकतंत्र बचाओ'' नहीं, बल्कि ‘‘परिवार बचाओ'' और ‘‘भ्रष्टाचार छुपाओ'' रैली है। विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध के लिए भ्रष्टाचार की जांच में उन्हें फंसाने के आरोप लगाए हैं।

नोएडा में बुक की राइड, चुकाने को कहा 7.66 करोड़ रुपए; बिल देखकर युवक के उड़े होश
नोएडा में यात्रा सेवा मुहैया कराने वाले एक ऐप के माध्यम से सफर करने पर 62 रुपए की यात्रा का बिल सात करोड़ 66 लाख रुपए आने का दिलचस्प मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि संबंधित ऐप ने इसपर खेद प्रकट करते हुए मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। 

त्रिपुरा के लिए भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची जारी, पीएम मोदी समेत 40 नेता करेंगे प्रचार 
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने त्रिपुरा में लोकसभा चुनाव और रामनगर विधानसभा सीटे के लिए उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों का एलान कर दिया है। स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम शामिल हैं। 

'आज के युवा सरकारी नौकरियों के पीछे नहीं भागते बल्कि वे नौकरियां देते हैं', मुंबई में बोले पीयूष गोयल 
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि आज के युवा सरकारी नौकरियों के पीछे नहीं भागते बल्कि वे नौकरियां देते हैं। उन्होंने शनिवार रात उत्तरी मुंबई लोकसभा क्षेत्र के मलाड उपनगर में आदर्श कल्याण एसोसिएशन के निवासियों की सभा को संबोधित करते हुए यह कहा। गोयल उत्तरी मुंबई लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।  

'भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी', मेरठ में विपक्ष पर PM मोदी का हमला
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को जाट बहुल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की रैली से लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए कि विपक्ष ने मिलकर एक नया गठबंधन बना लिया है। इनको लगता है, मोदी इससे डर जाएगा, लेकिन मेरे लिए मेरा भारत, मेरा परिवार है। मैं अपने देश को भ्रष्टाचार से बचाने के लिये जो कदम उठाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ एक बहुत बड़ी लड़ाई लडूंगा, इसलिये बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं।

Pardeep

Advertising