रवि किशन का चन्नी और प्रियंका को जवाब, बिहार में जन्मे थे गुरु गोबिंद सिंह जी...UP आज किसी से पीछे नहीं
Thursday, Feb 17, 2022 - 01:45 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक चुनावी रैली के दौरान प्रियंका गांधी की मौजूदगी में लोगों से उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के ‘‘भैया'' को राज्य में प्रवेश नहीं करने देने की बात कहकर विवाद खड़ा कर दिया है। उत्तर प्रदेश में जमीन तलाशने की कोशिश में जुटीं कांग्रेस के लिए चन्नी के इस बयान ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं गोरखपुर से भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन ने भी चन्नी पर पलटवार किया है।
रवि किशन ने साधा निशाना
रवि किशन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया और कहा, ''चन्नी साहब ने कहा कि बिहार और यूपी के लोगों को पंजाब में घुसने नहीं देंगे, सारे पंजाबी इकट्ठे हो जाओ। खैर यह उनकी मानसिकता है, पंजाबी लोग ऐसे नहीं है, बहुत अच्छे हैं, बहुत सभ्य और बहुत अच्छे दिल के लोग हैं। इस तरह के लालची लोग कुर्सी के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और तुष्टिकरण की ऐसी ओछी राजनीति करते हैं कि भइयों को नहीं घुसने देंगे। भइया का मतलब आप जानते हैं। रवि किशन ने कहा कि अभी आप नए-नए विधायक से सीएम बने हो। अचानक आपको जो सफलता मिली है वह पच नहीं रहा है। जबकि असली सफलता तो मिली भी नहीं है।
प्रियंका भी घिरीं
रवि किशन ने प्रियंका गांधी को घेरते हुए कहा, ''प्रियंका जी ताली बजा रही थीं, बहुत दुखद है। जनता आपको माफ नहीं करेगी। जनता आपको यूपी के चुनाव में सबक देगी। जो सच्चे पंजाबी हैं जो देश को अलग नहीं देखना चाहते वह भी आपको हराएंगे। पंजाब में भी हारोगे, यूपी में तो हार ही रहे हो। रवि किशन ने कहा, ''आज आपको यूपी में आकर देखना चाहिए कि यूपी बहुत आगे जा चुका है। हम लोगों की सोच और मेहनत यूपी को और बड़े मुकाम पर ले जाएगी। पूरा देश सम्मान करता है। यहां भगवानों का जन्म होता है। संत रविदास का जन्म यहां हुआ। गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म पटना में हुआ। इस ओछी राजनीति ने ही आप लोगों की यह हालत की है। भगवान आपको सदबुद्धि दे। जनता आप लोगों को जरूरी सबक सिखाएगी।