इंसाफ न मिलने पर रेप पीड़िता ने थाने में खुद को लगा दी आग, बचाने में झुलसा सिपाही

Monday, Jul 29, 2019 - 11:22 AM (IST)

नेशनल डेस्क: जयपुर आयुक्तालय के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रेप पीड़िता ने थाने के गेट पर खुद को आग लगा ली। विवाहिता को आग से बचाने के प्रयास में एक कांस्टेबल भी झुलस गया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस मामले में कार्रवाई करने की जगह केस वापस लेने का दबाव बना रही है।

वैशालीनगर के सीओ राय सिंह बेनीवाल ने बताया कि 38 वर्षीय विवाहिता अपने 9वीं कक्षा के पढ़ रहे पुत्र के साथ थाने आई थी। विवाहिता को आग से बचाने के प्रयास में एक कांस्टेबल भी झुलस गया। उन्होंने बताया कि आग से 60-70 प्रतिशत तक झुलस चुकी विवाहिता को सवाई मानसिंह चिकित्सालय की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। वहीं कांस्टेबल का दायां हाथ झुलस गया है और उसका भी इलाज चल रहा है।

बेनीवाल ने बताया कि पीड़िता ने गत पांच जून को अपने देवर रविन्द्र सिंह (25) के खिलाफ कथित दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़िता के साथ रविन्द्र ने 2015 में दुष्कर्म किया था। पीडि़ता का पति फौज में कार्यरत है। जून में दर्ज हुए इस मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि महिला आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

vasudha

Advertising