दुष्कर्म मामले में आसाराम के बेटे नारायण सांई को उम्रकैद, एक लाख का जुर्माना

punjabkesari.in Tuesday, Apr 30, 2019 - 06:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात में सूरत की एक अदालत ने जेल में बंद विवादास्पद धर्मगुरू आसाराम बापू के बेटे नारायण साई को दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौनाचार के एक सनसनीखेज मामले में आज उम्रकैद और पांच लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। अदालत ने गत 26 अप्रैल को अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था। इस मामले के तीन अन्य आरोपियों और आसाराम के अनुयायियों गंगा और यमुना नाम की दो महिलाओं और हनुमान नाम के पुरूष को दस दस साल की सजा और पांच पांच हजार के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। फरारी के दौरान साई की गाड़ी चलाने वाले रमेश मल्होत्रा नाम के पांचवें आरोपी को छह माह की सजा सुनाई गई है। सभी आरोपी 60 दिन के अंदर हाई कोर्ट में अपील कर सकते हैं।


आज सजा के बिंदु पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने कम से कम सजा करने का आग्रह किया था जबकि अभियोजन ने अधिकतम सजा और 25 लाख के जुर्माने की मांग की थी। सत्र न्यायाधीश प्रतापदान गढ़वी की अदालत ने साई के अलावा दो महिलाओं समेत चार सह आरोपियों को दोषी ठहराया था तथा छह अन्य को बरी कर दिया था। इन लोगों ने उक्त अपराध के मामले में कथित तौर पर साई की मदद की थी। 

PunjabKesari

इन धाराओं के तहत ठहराया गया दोषीः 

  • साई के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 
  • 377 (अप्राकृतिक दुष्कर्म) 
  • 354 (महिला की अस्मत पर हमला),
  • 323 (जानबूझ कर चोट पहुंचाना), 
  • 504 (अपमानित करना), 
  • 506 (2) (डराना धमकाना), 
  • 120 बी (आपराधिक षडयंत्र),
  • 114 (अपराध को बढ़ावा देना)।  

PunjabKesari

क्या है मामला?
नारायण साई (40) के खिलाफ सूरत की एक युवती ने छह अक्टूबर 2013 को यहां जहांगीरपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि जब वह आसाराम की साधिका थी तभी 2002 से 2005 के बीच साई ने उसके साथ यहां स्थित आश्रम में उससे कई बार दुष्कर्म किया था। पीड़िता की बड़ी बहन ने भी उसी दिन आसाराम के खिलाफ भी ऐसा ही आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। उसका कहना था कि आसाराम ने वर्ष 1997 से 2006 के बीच अहमदाबाद के मोटेरा आश्रम में उससे दुष्कर्म किया था। उस मामले को अहमदाबाद स्थानांतरित कर दिया गया था जहां गांधीनगर में एक अदालत उसकी सुनवाई कर रही है।       

 

PunjabKesari

पत्नी भी दर्ज करवा चुकी है शिकायत
मामला दर्ज होने के बाद लगभग दो माह तक फरार रहे साई को हरियाणा के कुरूक्षेत्र से दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2013 में पकड़ा था और तब से वह यहां लाजपुर सेंट्रल जेल में बंद है। उसके खिलाफ पुलिस अधिकारियों और अन्य को रिश्वत देने से जुड़ा एक अन्य मामला भी दर्ज है। उसने कथित तौर पर जेल में रहते हुए अपने और अपने पिता के खिलाफ चल रहे मामलों को कमजोर करने के लिए रिश्वत देने का षडयंत्र रचा था। साई के खिलाफ उसकी पत्नी जानकी ने भी राजस्थान की एक अदालत में मामला दर्ज कर रखा है। ज्ञातव्य है कि एक अन्य नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आसाराम पहले से ही राजस्थान के जोधपुर जेल में बंद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News