रांची में नकली विदेशी शराब के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, 1000 पेटी अवैध शराब बरामद
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 04:01 PM (IST)
Ranchi Illegal Liquor Raid : झारखंड की राजधानी रांची में अवैध नकली विदेशी शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कारर्वाई करते हुए करीब 1000 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस कारर्वाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह कार्यवाही रांची के सहायक उत्पाद आयुक्त उमाशंकर सिंहके निर्देश पर की गई। छापेमारी के दौरान एक आरोपी राहुल नायक को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग की टीम ने नगड़ी, रातु और धुर्वा थाना क्षेत्र में एक साथ दबिश देकर कार्यवाही को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामद की गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब को दूसरे जिले से रांची लाकर शहर के विभिन्न इलाकों में खपाने की तैयारी की जा रही थी। कार्यवाही के दौरान विभाग ने एक कार और दो पिकअप वैन समेत कुल तीन वाहनों को भी जब्त किया है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उत्पाद विभाग ने संकेत दिया है कि राजधानी और आसपास के इलाकों में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
