राष्ट्रीय कांग्रेस में बड़ा चेहरा बनकर उभरे रमिंदर आवला, मिली बड़ी जिम्मेदारी

Monday, Oct 11, 2021 - 11:24 PM (IST)

चंडीगढ़ : कांग्रेस में मेहनत का मोल मिलता है। कम से कम जलालाबाद के विधायक रमिंदर आवला इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। बूथ एजैंट से राजनीतिक सफर का आगाज करने वाले रमिंदर आवला को कांग्रेस ने पार्टी के प्रति निष्ठा, मेहनत, लगन और कर्मठता का मोल देते हुए अब राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी है। 

कांग्रेस प्रैसीडैंट ने अब रमिंदर आवला को कर्नाटक के महासचिव इंचार्ज के साथ राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपते हुए अटैच किया है। वहीं अंडेमान निकोबार द्वीप समूह से कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा को भी कर्नाटक का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है।


रमिंदर आवला ने आठ वर्षों तक जिला यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई। दो साल के लिए पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष के तौर पर कार्यरत रहे। उनके इसी सेवा भाव के कारण जनता का उन्हें अटूट प्यार मिला। जनता के इसी प्यार ने उन्हें जलालाबाद जैसी अकाली पैठ वाली सीट पर विजय दिलाकर विधायक की कुर्सी पर बिठाया। 

जनता के साथ उनकी गर्मजोशी का ही नतीजा है कि आज रमिंदर आवला न केवल पंजाब बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक बड़ी पहचान बनकर उभरे हैं जिसे पहचानते हुए कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी से नवाजा है।

Dishant Kumar

Advertising