भारतीय क्रिकेटर ने मशहूर एक्ट्रेस से की सीक्रेट शादी, अर्शदीप सिंह भी इस खास मौके पर शामिल हुए

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 10:02 AM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने टीवी एक्ट्रेस चार्ली चौहान से एक निजी समारोह में शादी कर ली है। दोनों की शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले और IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे रमनदीप ने अपनी शादी को काफी निजी रखा। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी इस खास मौके पर शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर नवविवाहित जोड़े के साथ एक तस्वीर साझा कर उन्हें बधाई दी। शादी के मौके पर चार्ली चौहान लाल रंग के पारंपरिक लहंगे में नजर आईं, जबकि रमनदीप सिंह ने सुनहरी शेरवानी पहनी थी। शादी से पहले के समारोहों की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे।

कौन हैं चार्ली चौहान?
चार्ली चौहान भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान टीवी शो 'बेस्ट फ्रेंड्स फॉरएवर' में एला के किरदार से मिली। इसके बाद उन्होंने लोकप्रिय शो 'कैसी ये यारियां' में मुक्ति वर्धन की भूमिका निभाकर भी दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई। चार्ली ने MTV रोडीज़ सीजन 7 में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह अभिनेता और डांसर कुंवर अमर के साथ 'नच बलिए' में नजर आई थीं। दोनों पहले रिलेशनशिप में रह चुके हैं। चार्ली 'ये है आशिकी 4' के अलावा कुछ शॉर्ट-फिल्म प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा रही हैं। अभिनय के साथ-साथ चार्ली को संगीत और लेखन में भी दिलचस्पी है। उन्होंने गीतकार के तौर पर भी काम किया है और 'बेपरवाहियां' म्यूजिक एल्बम से जुड़ी रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रमनदीप और चार्ली की उम्र में करीब सात साल का अंतर है।

कैसा रहा रमनदीप सिंह का क्रिकेट करियर?
रमनदीप सिंह ने नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20I मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। भारत के लिए वह अब तक दो T20I मैच खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम 15 रन और एक विकेट है। फ्रैंचाइज़ी क्रिकेट में रमनदीप ने अपनी ऑलराउंड क्षमता से पहचान बनाई है। IPL में वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं। अब तक 39 IPL मैचों में उन्होंने 299 रन बनाए हैं और सात विकेट अपने नाम किए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News