‘नक्सलियों के चंगुल से छूटे राकेश्वर पहुंचे घर’

Saturday, Apr 17, 2021 - 04:52 AM (IST)

जम्मू: बीते दिनों छत्तीसगढ़ के सुकमा क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में सी.आर.पी.एफ.के 22 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के दौरान नक्सलियों ने सी.आर. पी.एफ. के जवान राकेश्वर सिंह को पकड़ लिया था। नक्सलियों के चंगुल से छूटे जवान राकेश्वर सिंह मन्हास आज अपने शहर जम्मू पहुंचे। राकेश्वर के जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचते ही लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। 

इस मौके पर राकेश्वर सिंह की माता कुंती देवी ने कहा कि जैसे-जैसे बेटे के घर आने का समय नजदीक आता जा रहा था वैसे-वैसे उन्हें एक घंटा भी एक साल के बराबर लग रहा था। उन्होंने कहा कि बेटे को अपने सामने देखकर आंखों को ठंडक पहुंची है। राकेश्वर के सकुशल घर लौटने पर उनकी पत्नी मीनू मन्हास तथा बेटी सारघ्वी भी बेहद खुश नजर आ रही थीं। 

परिजनों ने तिलक लगाकर और पुष्प मालाएं पहनाकर राकेश्वर का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर राकेश्वर के परिजनों सहित सी.आर.पी.एफ. के अधिकारी भी मौजूद रहे। जम्मू एयरपोर्ट से राकेश्वर सिंह अपने परिजनों सहित अपने निवास स्थान बरनाई पहुंचे।

Pardeep

Advertising