राज्यसभा की सीट, सांसद की सैलरी और सीएम की पेंशन, जानिए नीतीश कुमार को क्या-क्या मिलेगा?
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:25 PM (IST)
Nitish Kumar Pension: पटना से लेकर दिल्ली तक काफी सियासी हलचल बनी हुई है। नीतीश बिहार की सियासत में 'नीतीश युग' के एक अध्याय का समापन के साथ अपने नए सफर को लेकर चर्चा में आए हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर राज्यसभा का रुख करने वाले नीतीश कुमार के वेतन और पेंशन को लेकर प्रशासनिक हलकों में मंथन शुरू हो गया है। नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। नियम बताते हैं कि जब कोई पूर्व सीएम सांसद बनता है, तो उसे मिलने वाली सुविधाएं दो अलग-अलग धाराओं से आती हैं।
- राज्य सरकार की देनदारी (पेंशन): मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने जो सेवाएं दी हैं, उसके बदले उन्हें बिहार सरकार से पेंशन मिलने का अधिकार है। यह उनकी पुरानी सेवाओं का प्रतिफल है।
- केंद्र सरकार की देनदारी (वेतन): राज्यसभा सांसद के तौर पर उन्हें जो वेतन मिलेगा, वह केंद्र सरकार (संसद) द्वारा उनके वर्तमान कार्यों और जिम्मेदारियों के लिए दिया जाएगा।

चूंकि पेंशन 'भूतकाल' की सेवा के लिए है और वेतन 'वर्तमान' पद के लिए, इसलिए भारतीय संसदीय नियमों के तहत इन दोनों को एक साथ लेने पर कोई कानूनी रोक नहीं है। वर्तमान में ऐसी कोई एकीकृत व्यवस्था नहीं है जो राज्य की पेंशन और केंद्र के वेतन को आपस में जोड़कर किसी भी प्रकार की कटौती का प्रावधान करती हो।
सांसद के तौर पर कितनी होगी कमाई?
मार्च 2025 में हुए संशोधनों के बाद, एक राज्यसभा सांसद की आर्थिक स्थिति पहले से कहीं बेहतर हुई है:
- मासिक वेतन: एक सांसद को अब प्रतिमाह लगभग 1.24 लाख रुपये का मूल वेतन मिलता है।
- अतिरिक्त भत्ते: इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्र भत्ता, कार्यालय खर्च और सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए मिलने वाला दैनिक भत्ता अलग से दिया जाता है।
- भविष्य की सुरक्षा: सांसद के रूप में कार्यकाल पूरा करने के बाद, वे केंद्र सरकार से लगभग 31,000 रुपये की अतिरिक्त मासिक पेंशन के भी हकदार होंगे, जो उनकी मुख्यमंत्री वाली पेंशन से पूरी तरह अलग होगी।
जानकारी के लिए बता दें कि नीतीश कुमार को अपनी सीएम पेंशन और सांसद के वेतन, दोनों का लाभ मिलता रहेगा।
