राजपाल यादव को मिली बड़ी राहत, तिहाड़ जेल से बाहर आते ही छलका दर्द, बोले- इंडस्ट्री का कर्जदार हूँ

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। दिल्ली की तिहाड़ जेल में 12 दिन बिताने के बाद, मंगलवार को आखिरकार सलाखों के पीछे से बाहर आ गए हैं। करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस मामले में चल रहे लंबे विवाद के बाद उन्हें यह अंतरिम जमानत मिली है। जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने हाथ जोड़कर सबका अभिवादन किया।

इंडस्ट्री का कर्जदार हूँ- बोले राजपाल यादव

जेल से बाहर आते ही राजपाल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "मेरे 30 साल के करियर में देश के बच्चे-बच्चे ने मुझे प्यार दिया है, तभी मैं 250 फिल्में कर पाया। पूरा बॉलीवुड और मेरा प्रशंसक वर्ग इस मुश्किल घड़ी में मेरे साथ खड़ा रहा। मैं माननीय हाई कोर्ट के हर आदेश का सम्मान करता हूँ और भविष्य में भी कानून का पालन करता रहूंगा।" कानूनी पेचीदगियों पर उन्होंने मीडिया को अपने वकील से बात करने की सलाह दी।

क्या था पूरा मामला?

 राजपाल यादव की कानूनी मुसीबतें साल 2010 में शुरू हुई थीं, जब उन्होंने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए एक दिल्ली स्थित व्यवसायी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और राजपाल कर्ज चुकाने में असमर्थ रहे। ब्याज के साथ यह रकम बढ़कर 9 करोड़ रुपये तक पहुँच गई। चेक बाउंस होने और अदालती आदेशों के उल्लंघन के बाद, हाल ही में उन्होंने सरेंडर किया था।

1.5 करोड़ के भुगतान से मिली राहत

जेल जाने के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री राजपाल के समर्थन में उतर आई। सलमान खान, अजय देवगन और अक्षय कुमार जैसे सितारों ने उनकी मदद की पेशकश की। सुनवाई के दौरान राजपाल के वकीलों ने कोर्ट में 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा कराया और भरोसा दिया कि वे बाकी रकम भी चुकाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी आधार पर कोर्ट ने उन्हें 18 मार्च तक के लिए अंतरिम जमानत मंजूर की है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News