राजनाथ सिंह ने राहुल पर साधा निशाना- कहा कि कांग्रेस की लगाई आग को बुझा रही भाजपा

Sunday, Dec 17, 2017 - 10:43 PM (IST)

बेंगलुरुः भाजपा पर नफरत और हिंसा फैलाने के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवा पार्टी कश्मीर और सांप्रदायिक तनावों जैसे मुद्दों पर कांग्रेस द्वारा लगाई गई आग को बुझाने की कोशिश कर रही है।भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने रविवार को कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर समाज को ‘बांटने’ का आरोप लगाया और मानवाधिकार कार्यकर्ता तथा पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की खिंचाई की। 

राजनाथ ने राहुल गांधी से कुछ सवाल किए, जिन्होंने कल औपचारिक रूप से कांग्रेस की कमान संभालने के बाद अपने पहले वक्तव्य में भाजपा पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिला है। मैं उनको बधाई देता हूं। वह कहते हैं देश में अशांति के लिए भाजपा जिम्मेदार है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि सांप्रदायिक तनाव, आतंकवाद, नक्सलवाद और कश्मीर में अशांति के पीछे कौन है?’’ गृह मंत्री ने कहा, ‘‘देश में वंशवादी राजनीति के पीछे कौन है? राहुल गांधी को बता दें कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस द्वारा लगाई गई आग को बुझाने की कोशिश कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मालूम है कि केवल भारतीय जनता पार्टी देश चलाना जानती है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम (कल) इस बात को फिर से साबित कर देंगे। एक्जिट पोल में पहले ही यह अनुमान लगाया गया है कि हम इन दोनों राज्यों में सरकार बनाने जा रहे हैं।’’  

कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद अपने पहले भाषण में राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘वे तोड़ते हैं, हम एकजुट करते हैं। वे आग लगाते हैं, हम बुझाते हैं। वे नाराज हो जाते हैं, हम मोहब्बत करते हैं। उनके और हमारे बीच ये अंतर है।’’  सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कनार्टक कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन दो समुदायों के बीच ‘कटुता बढ़ाती’ है। उन्होंने आरएसएस कार्यकर्ता रूद्रेश और विहिप नेता डी एस कुट्टप्पा एवं हाल में 19 वर्षीय परेश मेस्ता और गौरी लंकेश की हत्या के मुद्दे को उठाते हुए कहा, ‘‘कर्नाटक में सत्ता में आने पर हम इन मामलों की पूरी जांच करवाएंगे।’’  

लंकेश की सितंबर में यहां अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस घटना को लेकर देशभर में आक्रोश देखने को मिला था। मछुआरा समुदाय के मेस्ता उत्तर कन्नड़ जिले में रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत पाए गए थे जिससे पिछले हफ्ते हिंसा भड़क गई थी। राज्य सरकार ने मेस्ता की मौत की सीबीआई से जांच कराने का आदेश दिया था। भाजपा ने इस घटना के लिए ‘जिहादी तत्वों’ को जिम्मेदार ठहराया था। कांग्रेस पर समाज को विभाजित करने के आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा कि 18वीं सदी के मैसुरू के शासक टीपू सुल्तान को लेकर जब विरोध था तो राज्य सरकार को उनकी जयंती नहीं मनानी चाहिए थी।
 

Advertising