कश्मीर समस्या सुलझाने हेतु राजनाथ ने दिया 5सी फार्मूला

punjabkesari.in Monday, Sep 11, 2017 - 02:41 PM (IST)

जम्मू: केन्द्रिय गृहमंत्री राजनाथ सिंंह ने कश्मीर समस्या का हल बताया है। उन्होंने कश्मीर समस्या के समाधान हेतु 5सी फार्मूला सुझाया है। यह 5सी फार्मूला है कम्पैशन, कम्यूनिकेशन, को-एक्सिस्टेंस, कांफिडेंशन बिल्डिंग और कंस्सिटेंसी। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या के समाधा हेतु वो हर एक प्रयास और प्रयत्न करने को तैयार हैं और वे कश्मीरी अवाम के चेहरे पर खुशी देखना चाहते हैं।


सिंह ने कहा कि कश्मीर की स्थिति में सुधार हो रहा है। लोगों के चेहरों पर रौनक और मुस्कान देखने के लिए उन्होंने कश्मीर समस्या के समाधान की बात कही। सिंह ने कहा सहानुभूति, संवाद, सहअस्तित्व, विश्वास निर्माण और स्थिरता से कश्मीर समस्या का समाधान हो सकता है। राजनाथ सिंह ने कश्मीर में शांति की भी बात की। उन्होंने कहा कि कश्मीर में शांति की उम्मीद अभी मरी नहीं है। आतंकवादियों ने एक पीढ़ी को तो नुकसान पहुंचा दिया है पर आतंकियों को नई पीढ़ी को नुकसान नहीं पहुंचाने दिया जाएगा। सिंह ने कहा कि युवा, गरीब और व्यापार वर्ग ने सबसे ज्यादा नुकसान झेला है। राजनाथ सिंह अपने चार दिवसीय राज्य के दौरे के तहत शनिवार को कश्मीर पहुंचे थे। आज वो जम्मू के नौशहरा सेक्टर में एलओसी का दौरा करने गए हुए हैं। इसके बाद वे जम्मू में शिष्टमंडलों से मुलाकात करेंगे।


सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पर्यटन को आतंकवाद से बहुत नुकसान पहुंचा है। उन्होंने देशवासियों से कश्मीर आने की अपील की ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। सिंह ने आर्टिक्ल 35ए पर भी  अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की भावनाओं के विपरीत कुछ नहीं किया जाएगा। सिंह ने कहा कि कश्मीर की शांति के लिए वे बार-बार जम्मू कश्मीर आने को तैयार हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News