राजनाथ ने नौसेना के पनडुब्बी रोधी पी-8 आई विमान में भरी उड़ान, बोले- मेरा भरोसा और भी मजबूत हुआ

Wednesday, May 18, 2022 - 08:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुंबई की अपनी यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी पी-8 आई विमान में उड़ान भरी। नौसेना के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। रक्षा मंत्री ने मुंबई में मझगांव डॉक्स लिमिटेड (एमडीएल) में नौसेना के अग्रिम मोर्चे के दो युद्धपोतों का जलावतरण करने के कुछ घंटे बाद मंगलवार को उड़ान भरी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, 'मैंने नौसेना के समुद्री गश्ती विमान में सवार होकर उड़ान भरी। मैंने उनकी युद्ध क्षमता को करीब से देखा। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भारतीय नौसेना पर मेरा भरोसा और भी मजबूत हुआ है। नौसेना हमारे देश की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।'

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक माधवाल ने बुधवार को कहा, "रक्षा मंत्री सिंह ने मुंबई की अपनी यात्रा के दौरान लंबी दूरी के समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्धक विमान पी8आई में उड़ान भरी।"
भारतीय नौसेना अमेरिकी वैमानिकी कंपनी बोइंग द्वारा निर्मित पी-8 विमान के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय ग्राहक थी। इस विमान का इस्तेमाल अमेरिकी नौसेना, ऑस्ट्रेलियाई वायुसेना, ब्रिटेन की वायुसेना और नॉर्वे की वायुसेना द्वारा भी किया जाता है।

 

 

rajesh kumar

Advertising