भारतीय कोस्ट गार्ड के नए DG राजेंद्र सिंह ने पद संभाला

Saturday, Feb 27, 2016 - 11:50 AM (IST)

नई दिल्ली: राजेंद्र सिंह ने भारतीय कोस्ट गार्ड के नए डायरेक्टर जनरल के तौर पर आज अपना पद संभाल लिया है। केंद्र सरकार ने तटरक्षक बल के अधिकारी राजेंद्र सिंह को बल का महानिदेशक नियुक्त किया है। राजेंद्र सिंह ऐसे पहले महानिदेशक हैं, जो बल के अधिकारी पद से उठकर प्रमुख बने हैं।

इससे पहले तक सिर्फ नौसेना के अधिकारी ही तटरक्षक बल के महानिदेशक नियुक्त किए जाते रहे हैं। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने राजेंद्र सिंह को बल का महानिदेशक नियुक्त किया। सिंह ने नियुक्ति की घोषणा के बाद कहा था कि महानिदेशक के रूप में उनकी प्राथमिकता पांच क्षेत्रीय मुख्यालयों, 14 जिला मुख्यालयों और नौ एयर स्टेशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।

उन्होंने कहा था कि वह नौसेना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे। उत्तराखंड के रहने वाले सिंह तटरक्षक बल की हर श्रेणी के जहाजों की कमान संभाल चुके हैं। उन्हें 1990 में तटरक्षक मंडल पुरस्कार से नवाजा गया।

Advertising