Rajasthan में पुलिस का बड़ा एक्शन, काली फिल्म, हूटर और गलत नंबर प्लेट वाली 4,800 से ज्यादा गाड़ियों पर गिरी गाज
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 12:41 PM (IST)
Traffic Rules Crackdown : राजस्थान की सड़कों पर अब यातायात नियमों का उल्लंघन करना वाहन चालकों को बेहद भारी पड़ने वाला है। राज्य में सुरक्षित, सुगम और अनुशासित ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने एक विशेष 'सघन प्रवर्तन अभियान' (स्पेशल चेकिंग ड्राइव) की शुरुआत की है। इस कड़े अभियान के तहत पुलिस ने महज एक ही दिन के भीतर नियम तोड़ने वाले 4,869 वाहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) का उल्लंघन करने वालों पर यह सख्त एक्शन पूरे जून के महीने में जारी रहेगा।
इस अभियान के तहत मोटरयान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर यह विशेष अभियान 30 जून तक चलेगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के पहले तीन दिन में वाहन चालकों एवं मालिकों को जागरूक किया गया और इसके बाद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गर्ई।
शुक्रवार को इसके तहत छह प्रमुख श्रेणियों में कुल 4,869 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2,246 वाहन काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगे होने पर चिन्हित किए गए तो 1,372 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह प्रदर्शित करते पाए गए। इसी तरह 512 वाहनों के खिलाफ अवैध संरचनात्मक परिवर्तन (मॉडिफिकेशन) करने, 313 वाहनों के खिलाफ अनधिकृत शब्द, चिन्ह लिखे होने व 214 वाहनों के खिलाफ अवैध लाल-नीली बत्ती तथा हूटर का उपयोग करने पर कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: Delhi Weather Today: दिल्ली में वीकेंड पर भी छाए रहेंगे बादल, आज और कल गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
मीणा ने कहा कि वाहनों में अवैध बदलाव (मॉडिफिकेशन), काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, अनधिकृत बत्तियां एवं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाना न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करते हैं। ऐसे मामलों में पूरे जून माह के दौरान लगातार विशेष जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
