राजस्थान: जमीन के बंटवारे के बदले मांग रहा था 1 लाख की रिश्वत, पटवारी 40 हजार लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 03:22 PM (IST)
Patwari Arrested for Bribery : राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भिवाड़ी इकाई ने बुधवार को कोटपूतली बहरोड के पटवारी प्रमोद सामरिया को कथित तौर पर 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार परिवादी ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके पिता की पैतृक जमीन के बंटवारे का मामला एसडीएम अदालत में पांच-छह वर्ष से विचाराधीन था।
अदालत ने 20 जून 2025 को निर्णय देते हुए पटवारी को रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे लेकिन आरोपी पटवारी रिपोर्ट पेश नहीं कर रहा था और इसके एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि एसीबी टीम ने 29 अप्रैल को शिकायत संबंधी सत्यापन कराया और आरोपी ने परिवादी से 80 हजार रुपये में सौदा तय किया।
यह भी पढ़ें: ठाणे: चोरी के लिए घर में घुसा 13 साल का छात्र, महिला टीचर ने टोका तो चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, हालत गंभीर
गुप्ता ने बताया कि रिश्वत राशि तीन किस्तों में देना तय हुआ और आरोपी पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये लेने पर सहमत हुआ। एसीबी के महानिदेशक ने कहा कि शिकायत के सत्यापन के बाद आरोपी को पहली किस्त के 40 हजार रुपये लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
