Rajasthan: घर में रखी तेजाब की बोतल को पेप्सी समझकर पी गया 4 साल का मासूम, हालत गंभीर
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 01:29 PM (IST)
Bhiwadi Child Acid Incident : राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चार साल के मासूम बच्चे ने अनजाने में घर में रखी तेजाब की बोतल को कोल्ड ड्रिंक (पेप्सी) समझकर पी लिया। तेजाब पेट में जाते ही बच्चे की हालत बिगड़ गई और वह तड़पने लगा। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालक को पहले भिवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलवर भेज दिया गया। बालक का उपचार जारी है। सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि भिवाड़ी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उसका चार वर्ष का पुत्र शिवम घर में खेल रहा था।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: भीषण गर्मी के बीच आज से चलेंगी तेज धूलभरी हवाएं, 3 डिग्री तक और बढ़ेगा पारा
इसी दौरान घर में रखी तेजाब की बोतल को उसने पेप्सी समझ लिया और इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूत्रों ने बताया कि परिजन उसे लेकर भिवाड़ी के अस्पताल पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अलवर भेज दिया। चिकित्सकों की निगरानी में बालक का इलाज जारी है।
