मुंबई में गरजे राज ठाकरे, 2019 में चाहिए मोदी मुक्त भारत

Monday, Mar 19, 2018 - 10:34 AM (IST)

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने रविवार को मोदी सरकार पर करारा हमला बोलते हुए विपक्षी दलों की एकता पर जोर दिया और 2019 तक मोदी मुक्त भारत बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में एक रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि देश नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के झूठे वादों से ऊब चुका है। ठाकरे ने कहा कि मोदी मुक्त भारत बनाने के लिए भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार को चलता करने की खातिर सभी विपक्षी दलों को एक साथ आना चाहिए। उनका मोदी मुक्त भारत का नारा भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे की याद दिलाता है।

मनसे प्रमुख ने कहा कि भारत को पहली बार आजादी 1947 में, दूसरी बार 1977 में (आपातकाल के उपरांत हुए चुनाव के बाद) मिली और 2019 में भारत के मोदी मुक्त बनने पर उसे तीसरी बार आजादी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने के बाद अगर नोटबंदी को लेकर जांच के आदेश दिए गए तो यह1947 के बाद से देश में हुए अब तक के सबसे बड़े घोटाले के रूप में सामने आ सकता है।

Punjab Kesari

Advertising