रिकॉर्डतोड़ बारिश ने रोकी मुंबई की रफ्तार, कई इलाके, रेलवे ट्रैक और सड़कें तालाब में तब्दील(Video)
Sunday, Jul 18, 2021 - 07:30 AM (IST)
नेशनल डेस्क: भारी बारिश ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। रात से हो रही बारिश के चलते शहर की सड़के पानी से भर गई है, चारों तरफ जलसैलाब सा नजारा देखने को मिल रहा है। मुंबई के हनुमान नगर से लेकर कांदीवली इलाके में लोगों के घरों तक में पानी घुस गया है, जिसके चलते लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
#WATCH | Maharashtra: Daily commuters' movement affected as roads waterlogged, in Gandhi Market area following incessant rainfall. pic.twitter.com/1LpwYNVK0j
— ANI (@ANI) July 17, 2021
लगातार जारी बारिश के चलते कई स्थानों में पटरियों पर भी पानी भर गया है। पिछले 12 वर्षों के दौरान ये तीसरी बार है जब मुंबई में जुलाई के महीने में एक दिन में इतनी अधिक बारिश हुई। इससे पहले मुंबई में 15 जुलाई 2009 को 274.1 मिमी बारिश हुई थी जबकि दो जुलाई 2019 को 376.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
मुंबई के सियोन रेलवे स्टेशन का रेलवे ट्रैक पूरी तरह से पानी से भर गया है। सियोन इलाके में मुख्य मार्ग पर कमर तक पानी भर आया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने के बाद उत्तरी क्षेत्र सहित देश के कई हिस्सों में अगले छह-सात दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
विभाग ने कहा कि 18 जुलाई को उत्तर प्रदेश में, 19 जुलाई को जम्मू में और 18 और 19 जुलाई को उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है।‘अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश और दक्षिण राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका और बारिश होने का अनुमान है। अगले छह-सात दिनों के दौरान गुजरात को छोड़कर पश्चिमी तट और पश्चिमी प्रायद्वीपीय भारत के शेष हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।