अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शुरू हो गई है बारिश

Wednesday, Jun 28, 2017 - 03:25 PM (IST)

श्रीनगर : श्री बाबा अमरनाथ की व्रिषिक यात्रा का पहला जत्था जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा में जम्मू बेस कैंप से रवाना हो चुका है। इस जत्थे में 1811 पुरुष, 422 महिलाओं और 47 साधु शामिल हैं। कुल मिलाकर 2280 लोगों को एक बार में भेजा गया है। यात्रा के दौरान वर्षा हर बार खलल डालती है, जिसके कारण यात्रा काफी प्रभावित होती है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, परंतु इस बार मौसम विभाग श्रद्धालुओं को मौसम की पल-पल की जानकारी देगा।
यात्रा मार्ग पर बारिश शुरू हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार पहलगाम में बारिश हो रही है। वहीं जम्मू में सुबह से ही बारिश जारी है।  29 जून को पहलगाम तथा बालटाल मार्ग पर भी हल्की वर्षा होगी। इस बार 2 जुलाई को मानसून जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर रहा है।  

 


लोटस ने बताया कि इस बार मौसम विभाग ने 7 अत्याधुनिक किस्म की मशीनें बालटाल, बनिहाल, शेषनाग, पहलगाम पंचतरणी, श्राइन गुफा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाई हैं, जिनसे मौसम की हर घंटे की जानकारी सैटेलाइट से प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर 150 से ज्यादा लाइजन अफसर तैनात किए गए हैं, जिनको वह एस.एम.एस. के माध्यम से जानकारी  देंगे और वे आगे इसकी जानकारी यात्रियों तथा बेस कैम्प में देंगे, ताकि यात्री आगे की यात्रा के लिए सतर्क हो सकें। इससे यात्रियों को यात्रा करने में कोई असुविधा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पहली बार मौसम विभाग ने एक वैबसाइट तैयार की है। ए.एम.एस.एस. दिल्ली जियो अमरनाथ से भी श्रद्धालु मौसम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा मार्ग पर तापमान 20 से 22 डिग्री व गुफा में 6 से 7 डिग्री सैल्सियस रहेगा, परंतु वर्षा के दौरान गुफा में 1 डिग्री सैल्सियस तापमान भी हो सकता है। लोटस ने कहा कि मौसम विभाग हर प्रकार की सुविधा यात्रियों को देने के लिए तत्पर है।

Advertising