कई राज्यों में अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना, 2-3 दिन की देरी से दिल्ली पहुंचेगा मानसून

Sunday, Jun 23, 2019 - 08:57 AM (IST)

नई दिल्ली: भीषण गर्मी और सूखे से परेशान लोगों को शनिवार को बिहार, झारखंड और कोलकाता में हुई बारिश ने राहत दिलाई। वहीं स्काइमेट के मुताबिक, आने वाले 24 घंटों के अंदर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार और आंध्र प्रदेश पहुंच गया है। बिहार के पूर्णिया और आंध्र प्रदेश के अनंतपुरम और चित्तूर में मानसून की पहली बारिश हुई।

बताते चलें कि इससे पहले बिहार में पिछले दिनों गर्मी और लू से 250 से ज्यादा मौतें हो गई थीं। दिल्ली के साथ ही हरियाणा, पंजाब उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर में भी मानसून देर से पहुंचेगा, हालांकि अभी तक मौसम विभाग दावा कर रहा था कि मानसून 2-3 दिन ही देर से चल रहा है। 

वहीं शनिवार को हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान हल्का बढ़कर औसत से ऊपर पहुंच गया, जिससे इन दोनों राज्यों में गर्मी बढ़ गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने कहा कि दोनों राज्यों की सयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य सीमा से चार डिग्री अधिक है।

Seema Sharma

Advertising