दिल्ली के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश, फिर पानी-पानी हुईं सड़कें...लोग परेशान

Friday, Aug 28, 2020 - 04:33 PM (IST)

नेशनल डेस्कः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश के बाद लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली। पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, बारापुला फ्लाईओवर और निजामुद्दीन में बारिश हुई। वहीं कुछ समय की भारी बारिश के बाद  दिल्ली की सड़कें एक बार फिर से पानी-पानी हो गईं। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जनपथ और मिंटो ब्रिज समेत कई जगह सड़कें पानी से लबालब दिखीं। वहीं मौसम वैज्ञानिकों ने आकाश में बादल छाए रहने और शाम तक मध्यम बारिश की संभावना जाहिर की है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

 

भारत मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था और साथ ही बारिश से निचले क्षेत्रों में पानी भरने और यातायात बाधित होने की चेतावनी भी दी है। शहर में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। दूसरी तरफ दिल्ली में यमुना का जल स्तर शुक्रवार सुबह 204.30 मीटर तक पहुंच गया, जो चेतावनी के निशान 204.50 मीटर के काफी करीब है।

सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पुराने रेल पुल पर सुबह 9 बजे जलस्तर 204.30 मीटर था। गुरुवार सुबह 10 बजे यह 203.77 मीटर पर था। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार को और पानी छोड़े जाने की वजह से जल स्तर बढ़ गया।

Seema Sharma

Advertising