छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, इंद्रावती नदी उफान पर; 17 जिलों में अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 09:31 AM (IST)

रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है और राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रातभर से वर्षा हो रही है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण इंद्रावती नदी उफान पर है तथा निचले इलाकों में प्रशासन ने सतकर्ता बरतने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। 

वहीं रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। खराब मौसम के चलते जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द की गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों के लिए ऑरेंज और 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक के आसार हैं। 

विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News