दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी, अगले कुछ दिन में बारिश होने और तेज हवाएं चलने का अनुमान

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 09:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के बाद शनिवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक ऐसी ही स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। शनिवार का अधिकतम तापमान शुक्रवार की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान शुक्रवार की तुलना में 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मौसम स्टेशन में बारिश दर्ज नहीं हुई। 

हालांकि, पूसा मौसम केंद्र में पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 2:30 बजे के बीच 23.5 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जनकपुरी में इसी अवधि के दौरान 9.5 मिमी बारिश हुई, जबकि पीतमपुरा में अपराह्न 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कम से कम शुक्रवार तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ''आने वाले दिनों में दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की स्तर की बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।''

पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान में और गिरावट हो सकती है और यह 32-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया और शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 123 रहा, जबकि शुक्रवार को इसी समय दर्ज औसत एक्यूआई 105 था। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 तक 'मध्यम', 201 से 300 तक 'खराब', 301 से 400 तक 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News