IMD Weather Report: दिवाली के बाद पूरे देश में ठंड और धुंध का कहर,  दिल्ली में पड़ेगी सूखी ठंड

punjabkesari.in Saturday, Oct 26, 2024 - 09:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  दक्षिण भारत में उठे चक्रवाती तूफान दाना के कारण अगले तीन दिनों में लगभग 10 राज्यों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही, 28 से 30 अक्टूबर के बीच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है, जिससे दिल्ली और अन्य मैदानी राज्यों में तापमान में गिरावट आएगी। उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने से ठंड में बढ़ोतरी होगी। दिवाली के बाद पूरे देश में ठंड बढ़ने और धुंध छाने की संभावना है।

दिल्ली का मौजूदा मौसम
दिल्ली में चक्रवाती तूफान दाना के प्रभाव से सुबह-शाम ठंड का अहसास बढ़ रहा है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से गर्मी का अनुभव भी हो रहा है। तापमान में गिरावट शुरू हो गई है, और अगर पहाड़ों पर बर्फबारी होती है, तो दिल्ली में धुंध और सूखी ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

26 अक्टूबर 2024 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.06 °C रहा, जबकि कल के लिए न्यूनतम 20.05 °C और अधिकतम 33.5 °C रहने का अनुमान है। हवा में 25% नमी है और गति 25 किलोमीटर प्रति घंटा है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 198 है। हालांकि हाल के दिनों में स्मॉग कम हुआ है, लेकिन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में स्मॉग बनी रहेगी और वायु प्रदूषण लोगों को परेशान कर सकता है। 2 नवंबर तक दिल्ली का मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड का असर बढ़ता जाएगा।

बारिश वाले राज्य
स्काईमेट मौसम रिपोर्ट के अनुसार, चक्रवाती तूफान दाना के प्रभाव से अगले तीन दिनों में ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के सभी 8 राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों, पूर्वी बिहार, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिणी छत्तीसगढ़, और दक्षिणी कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News