Rain Alert: अगले 48 घंटों में मौसम लेगा यू-टर्न! 50Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 11:31 AM (IST)

नेशनल डेस्क :  दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से लोग गर्मी और उमस से परेशान थे, लेकिन अब उन्हें राहत मिली है। सोमवार तड़के दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत आसपास के कई इलाकों में बारिश हुई। इससे तापमान में भी थोड़ी कमी आई है। IMD ने बताया है कि पूर्वी भारत में जारी भारी बारिश के बीच अब दिल्ली-एनसीआर में भी अगले दो दिन मौसम अच्छा रहेगा। इसे देखते हुए सोमवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार एक Western Disturbance सक्रिय है, जिसका असर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों पर पड़ेगा। इस कारण तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। मंगलवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

PunjabKesari

तापमान में आएगी बड़ी गिरावट

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों तक बारिश और तेज हवा के चलते तापमान में काफी गिरावट आ सकती है। अनुमान है कि अगले एक-दो दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस बदलाव के बाद हवा भी साफ हो जाएगी।

AQI में होगा सुधार

बारिश और हवाओं का अच्छा असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार रविवार को दिल्ली का औसत AQI 159 था, जो कि मध्यम श्रेणी में आता है। बारिश और हवा से प्रदूषक कम होंगे, जिससे AQI और बेहतर हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज हवा और बारिश के दौरान बाहर निकलने से बचें।

उत्तर भारत के अन्य राज्यों का हाल

  • उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में अगले दो दिन मौसम बदला रहेगा। पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी है।
  • राजस्थान: अगले 48 घंटों में बाड़मेर, जैसलमेर समेत 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश जारी रह सकती है और रात में ठंडक महसूस होगी।
  • हरियाणा और पंजाब: रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम समेत पंजाब में भी भारी बारिश और गरज के साथ हवाएं चलने की चेतावनी है। तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।
  • मध्य प्रदेश और बिहार: मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों में निम्न चक्रवात के कारण 9 अक्टूबर तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News