Rain Alert: कल इन राज्यों में छाएगा घना कोहरा... 22, 23 जनवरी को बारिश, IMD का अलर्ट जारी
punjabkesari.in Saturday, Jan 17, 2026 - 07:11 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में कोहरे का व्यापक असर देखा जा रहा है। कल यानि रविवार सुबह भी मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 से 22 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी बर्फ गिरने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर ठंड और बढ़ सकती है।
मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना
IMD का कहना है कि 22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, रविवार 18 जनवरी 2026 को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
शीत लहर का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों के लिए शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और रात के समय कई इलाकों में धुंध बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 20°C से 22°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 1.6°C से 3.0°C अधिक रह सकता है।
18 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम?
रविवार को भी दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कई जगहों पर हल्की धुंध और कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 21°C से 23°C और न्यूनतम तापमान 4°C से 6°C के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6°C से 3.0°C कम, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान जताया गया है।
