वृद्ध एवं दिव्यांगों को यात्रा के दौरान नहीं होगी कोई परेशानी, ''यात्री मित्र सेवा'' करेगी मदद

Sunday, Nov 06, 2016 - 11:20 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : रेलवे ने वृद्ध व दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर ‘यात्री मित्र सेवा’ सुविधा शुरू करने का विचार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक वृद्ध एवं विकलांग यात्रियों की मदद के लिए विभाग ने व्हीलचेयर एवं कुली की बुकिंग के लिए यह सुविधा लागू करने का निर्णय लिया है। आई.आर.सी.टी.सी. ने देश के प्रमुख वर्ल्ड क्लास स्टेशनों पर यह सेवा मुहैया करवाने की घोषणा की है। इसके तहत चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन में भी यह सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। सुविधा का लाभ लेने के लिए वृद्ध व दिव्यांग यात्रियों को रेलवे के दिए गए नंबर पर मैसेज करना होगा। यात्री मित्र सेवा के जरिए वृद्ध व व दिव्यांग यात्री आसानी से टे्रन के कोच तक पंहुच सकता है। इस बारे में अधिकारियों का कहना है कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नए साल से यह सेवा मिलनी शुरू हो जाएगी। 

 

वैबसाइट व 139 के जरिए बुकिंग :
वृद्व व दिव्यांग यात्रियों को यात्री मित्र सेवा का लाभ उठाने व बुकिंग के लिए आई.आर.सी.टी.सी. की वैबसाइट से बुकिंग की जा सकती है। या 139 पर एस.एम.एस. के जरिए भी बुकिंग हो सकेगी। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक यात्री इस सुविधा का लाभ मोबाइल ऐप के जरिए भी ले सकेंगे जिसे सी.आर.आई.एस. द्वारा विकसित किया जा रहा है। जब यात्री 139 पर एस.एम.एस.के माध्यम से बुकिंग करवाई जाएगी तो फिर यात्री के मोबाइल पर बुकिंग कन्फर्मेशन का मैसेज आएगा। 

 

स्टेशन से ट्रेन तक पहुंचने में होती थी परेशानी :
वृद्ध व दिव्यांग यात्रियों तथा उनके परजिनों को रेलवे स्टेशन से ट्रेन तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है। इस कारण दिव्यांग यात्रियों ने इस समस्या को लेक रेल मंत्री को कई बार पत्र लिखा। इसके बाद रेलवे ने यात्री मित्र सेवा शुरू करने का विचार किया है। इस बारे में रेलवे के उच्चाधिकारियों का कहना है कि दिव्यांग यात्रियों की तरफ से सहायक के लिए करीब हजारों शिकायतें आती रहती हैं जिसके बाद यह फैसला लिया गया हैं।

 

नि:शुल्क दी जाएगी सुविधा :
वृद्ध व दिव्यांग यात्रियों को रेलवे की तरफ से यह सुविधा नि:शुल्क मुहैया करवाई जाएगी। सूत्रों करे मुताबिक इस सुविधा के जरिए रेलवे स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों में से ही इन जरूरतमंदों की मदद के लिए तैनात किया जाएगा। इसके लिए यात्री को सिर्फ 139 पर एस.एम.एस.करना होगा। 

 

प्लेटफार्म पर जाने में पेश आती है दिक्कत :
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर वृद्ध व दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर-1 से 2 और अन्य पर जाने पर काफी कठिनाई होती है, क्योंकि रेलवे ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रैंप की व्यवस्था नहीं की है। इस कारण यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। 

Advertising