रेलवे को इस साल भी धुंध से निपटने के लिए पटाखों पर रहना होगा निर्भर

Saturday, Dec 03, 2016 - 08:27 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : रेलवे को इस साल भी धुंध से निपटने के लिए पटाखों पर ही निर्भर रहना पड़ेगा। उत्तर भारत में धुंध का कहर शुरू हो चुका है। अंबाला मंडल ने ट्रेनों में फॉग डिवाइस सिस्टम तो लगा दिया लेकिन इसके बाद भी इस समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे लेट आ रही हैं। 

 

स्टेशन व सिग्नल की दूरी बताने में ही सफल हैं डिवाइस :
रेलवे की ओर से जो ट्रेनों में डिवाइस लगाए गए हैं, वे सिर्फ 500 मीटर से 1000 मीटर तक की विजिबिलिटी में ही कामयाब रहेंगे। जब विजिबिलिटी 100-200 के बीच होगी तो रेलवे को पटाखों पर ही निर्भर रहना होगा। 

 

अधिकारियों का कहना हैं की फॉग डिवाइस सिस्टम लोको पायलट को दिया जाता है, जो पायलट को यह बताता है कि आगे कौन सा सिग्नल आने वाला है। लेकिन यह भी अधिक फॉग या शून्य विजिबिलिटी में कार्य करना बंद कर देता है। ऐसे में इस डिवाइस के माध्यम से सिर्फ घटनाओं पर ही कंट्रोल किया जा सकता हैं। धुंध में ट्रेनों की रफ्तार नहीं बढ़ाई जा सकती। 

 

रेलवे कर्मचारियों को सैमीनार में दी जानकारी :
रेलवे की ओर से फॉग से निपटने के लिए सैमीनार का भी आयोजन किया गया हैं। इसमें फाटक पर तैनात कर्मियों, चालकों व लोको पायलट तथा स्टेशन मास्टर को सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। उच्चाधिकारियों की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि फॉग के समय भले ही ट्रेन की स्पीड कम हो लेकिन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना महत्वपूर्ण हैं। 

 

ऊंचाहार 23 घंटे लेट :
उत्तर प्रदेश, बिहार तथा दिल्ली में अधिक धुंध होने के कारण चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से आने व जाने वाली शताब्दी सहित तकरीबन 6 से अधिक ट्रेनें अपने तय समय से कई घंटे लेट रही। 

 

शताब्दी 12011 अपने तय समय से दोपहर 11.00 बजे की बजाय शाम 5.30 बजे पहुंची। यह 6.30 घंटे लेट रही। वहीं, ऊंचाहार से चंडीगढ़ आने वाली गाड़ी संख्या 14217 अपने निर्धारित समय से करीब 23 घंटे लेट है। कालका मेल गाड़ी संख्या 12311 रात के 9 बजे पहुंची। इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रैस गाड़ी संख्या 19307 जो अपने तय समय सुबह के 6.45 बजे की बजाय दोपहर 11.40 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। रैक उपलब्ध न होने के कारण चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या 12232 जो रात के 9.10 बजे चलती है, सुबह 5 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। 

Advertising