कश्मीर में 2 दिनों तक रेल सेवाएं बंद रहने के बाद फिर से शुरू

Monday, Nov 20, 2017 - 07:18 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आतंकवादियों के मारे जाने तथा तलाशी अभियान के लिए इलाकों की घेराबंदी के खिलाफ  हड़ताल की अलगाववादियों के आह्वान के मद्देनजर दो दिनों तक रेल सेवाएं बाधित रहने के बाद आज इसे शुरू कर दिया गया। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी में आज से रेल सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं। सुरक्षा कारणों से शनिवार तथा रविवार को रेल सेवा को निलंबित कर दिया गया था। अधिकारी ने कहा कि रविवार रात को पुलिस की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद रेल सेवा को शुरू किया गया है। मध्य कश्मीर के श्रीनगर-बडगाम से उत्तरी कश्मीर के बारामूला मार्ग पर रेल सेवा बहाल कर दी गयी है। इसी प्रकार बडगाम-श्रीनगर से अनंतनाग-काजीकुंड से जम्मू क्षेत्र के बनिहाल के बीच भी रेल सेवा शुरू कर दी गयी है। 


गौरतलब है कि 2008 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकीउर रहमान लखवी का भतीजा, जो आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तोयबा (एलईटी) का शीर्ष कमांडर था, भी उन छह आतंकवादियों में शामिल था जो उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा में शनिवार को हुई भीषण मुठभेड़ में मारे गये। इसके विरोध में हुर्रियत के दोनों धड़ों और जम्मू कश्मीर लिब्रेशन फ्रंट की ओर से हड़ताल का आह्वान किया गया था।
 

Advertising