जुआरियों के अड्डे पर पुलिस की रेड, जुआरी भागने में सफल

Saturday, Jan 09, 2021 - 04:14 PM (IST)

कठुआ :  शहर से सटे हटली मोड़ क्षेत्र में गत दिनों पुलिस द्वारा की गई जुआरियों के अड्डे पर रेड से शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि पुलिस मान तो रही है कि सूचना के आधार पर रेड की गई थी लेकिन पुलिस के अनुसार जुआरी रेड से पहले ही भागने में सफल हो गए थे। पुलिस के अनुसार उन्हें मौके पर मिला कुछ नहीं। सूत्रों की मानें तो हटली मोड़ क्षेत्र में एक शैक्षणिक संस्थान की इमारत में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे।

 

बताया जा रहा है कि जुआ खेलने वालों में कुछ लोग जम्मू के थे जबकि कुछ कठुआ शहर के प्रतिष्ठित परिवारों से थे। जबकि एक अन्य बरनोटी इलाके का था। रेड के बाद इन लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसपर चर्चाएं गर्म हैं। शहर में कई लोग अपने ही तरह के कयास लगा रहे हैं। वहीं, इस संबंध में जब डी.एस.पी. मुख्यालय माजिद महबूब से बात की गई तो उन्हें स्वीकारते हुए कहा कि पुलिस ने सूचना के आधार पर हटली चौकी पुलिस के साथ एक स्थान पर रेड की थी लेकिन रेड की सूचना शायद जुआरियों को पहले से ही मिल गई थी और वे भाग गए थे। जिसके चलते पुलिस को मिला कुछ भी नहीं।
 

Monika Jamwal

Advertising