''राहुल खासकर अपनी दादी के लिए खुशी का सबब थे'': सोनिया ने संस्मरण में बेटे के बचपन को याद किया

punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 07:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राहुल गांधी का जन्म दुबले-पतले बच्चे के रूप में हुआ था, लेकिन बड़े होने पर वह गोल-मटोल हो गए थे। वह पूरे परिवार के लिए, खासकर अपनी दादी इंदिरा गांधी के लिए खुशी का सबब थे। दिनभर की थकान और व्यस्तता के बाद राहुल को देखकर उनकी दादी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में यह यादें साझा की हैं। सोनिया ने लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा पोते राहुल को गोद में उठाती थीं और उनके साथ खेलती थीं। इस दौरान राहुल उन्हें पकड़ लेते थे या उनकी साड़ी अथवा बाल खींचते थे, जिससे वह खिलखिलाकर हंस पड़ती थीं।

गांधी ने मंगलवार को बाजार में आई अपनी पुस्तक में लिखा, ''राहुल हम सभी, लेकिन खासकर अपनी दादी के लिए खुशी का सबब थे। अगर वह थकी हुई या तनाव में घर लौटती थीं, तो राहुल की एक मुस्कान या किलकारी तुरंत उनका मन खुश कर देती थी और उनके चेहरे पर स्नेहभरी मुस्कान ला देती थी।'' उन्होंने लिखा, ''जब राहुल घुटनों के बल चलने लगे, तो उनकी दादी उन्हें खेलने के घेरे से बाहर निकालती थीं, खुद भी घुटनों और हाथों के बल चलती थीं और पोते के साथ खेलती थीं। अगर राहुल बीमार पड़ जाते, तो वह परेशान हो जाती थीं और काम के दौरान भी संदेश भेजकर उनका हालचाल पूछती थीं या उन्हें बेहतर महसूस कराने के तरीके सुझाती थीं।'' राजीव और सोनिया की पहली संतान की मृत्यु के एक साल से कुछ अधिक समय बाद राहुल का जन्म हुआ था। वह जल्द ही गांधी परिवार के सबसे लाडले सदस्य बन गए।

राहुल के औपचारिक नामकरण समारोह की तैयारियां चल रही थीं, तभी सोनिया ने देखा कि उनकी सास अपनी सचिव उषा भगत को बता रही थीं कि समारोह की व्यवस्था कैसे की जानी चाहिए और राहुल को कौन से कपड़े पहनाए जाने चाहिए। उन्होंने लिखा, ''ऐसा लग रहा था जैसे इस मामले में मां होने के नाते मेरी कोई भूमिका ही नहीं थी। मैंने एक-दो दिन तक अपनी नाराजगी मन में दबाए रखी और फिर आखिरकार अपना गुस्सा जाहिर कर दिया। मैंने राजीव से कहा कि मैं यह सब बर्दाश्त नहीं करूंगी। 'बच्चा आपकी मां का पोता हो सकता है, लेकिन सबसे पहले वह मेरा बेटा है'!''

सोनिया ने लिखा कि जब राजीव ने अपनी मां को उनकी भावनाओं के बारे में बताया, तो वह कुछ झेंप गईं। उन्होंने पुस्तक में याद किया, ''मैंने उनसे (इंदिरा गांधी) साफ-साफ कहा कि मैं नाराज थी और मुझे यह जानने का पूरा अधिकार था कि मेरे बेटे के लिए क्या तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने जवाब दिया कि वह हमेशा से सभी चीजों की जिम्मेदारी संभालने की इतनी आदी रही हैं कि उन्होंने इस बारे में सोचा ही नहीं और अपने आप तैयारियों में जुट गईं। उन्होंने कहा, 'मेरा तुम्हें दुख पहुंचाने का कभी इरादा नहीं था। मुझे माफ कर दो।' वहां से जाने से पहले उन्होंने मेरे गाल को प्यार से चूमा।'' सोनिया ने किताब में लिखा कि इसके बाद न केवल उन्हें बाकी तैयारियों में शामिल किया गया, बल्कि आगामी रस्मों की पूरी जानकारी भी उन्हें दी गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News