प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी देने के ​बाद मां के साथ छुट्टी मनाने गोवा पहुंचे राहुल

Sunday, Jan 27, 2019 - 12:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रियंका गांधी को महासचिव की जिम्मेदारी देने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ गोवा पहुंचे। वह शनिवार को एक विशेष विमान से यहां पहुंचे। राज्य के एक पार्टी पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। 


खबरों के मुताबिक दोनों नेता दक्षिण गोवा स्थित एक फाइव स्टार रिसॉर्ट में ठहरे हैं। गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता सुनील कावठंकर ने बताया कि अपनी निजी यात्रा के दौरान दोनों किसी भी पार्टीजन से नहीं मिलेंगे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी 'अगले तीन दिन' तक गोवा में ही रहेंगे।
 

बता दें कि पिछले दो वर्षो के दौरान सोनिया गांधी का यह चौथा गोवा दौरा है। राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने के कुछ ही दिनों बाद दिसंबर 2017 में सोनिया गोवा गई थी।  तब वह एक रिसॉर्ट में ठहरी थी। इस दौरान उनकी एक तस्वीर भी सामने आई थी जिसमें वह साइकिल चलाती  दिखाई दी थी।  

vasudha

Advertising