बिहार में कांग्रेस को टूट से बचाने में जुटे राहुल, विधायकों से करेंगे मुलाकात

Wednesday, Sep 06, 2017 - 12:01 PM (IST)

नई दिल्लीः बिहार में कांग्रेस विधायकों के टूट की खबरें लगातार तूल पकड़ती जा रही हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी विधायकों की शंकाओं को दूर करने के लिए बुधवार को उनसे मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के जरिए वह विधायकों में टूट का कारण जानने की कोशिश करेंगे। वह जानना चाहतेे हैं कि किस लोभ के कारण विधायक पार्टी को छोड़कर जदयू में शामिल होेना चाहते हैं।

जानकारी के अनुसार, बिहार में एनडीए की सरकार के आगमन के बाद से ही कांग्रेस विधायकों की टूट खबरें आने लगी थी। बिहार में कांग्रेस के कुल 27 विधायक हैं। अपनी विधायकी को बनाए रखने के लिए 18 विधायकों का एक साथ पार्टी से अलग होना जरुरी है। सूत्रों के अनुसार 14 विधायक पार्टी को छोड़ने के लिए तैयार हैं, बस 4 और विधायकों की हां से पार्टी टूट सकती है। पार्टी को इसी टूट से बचाने के लिए राहुल बिहार के कांग्रेसी विधायकों से एक-एक कर मुलाकात करेंगे।

आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इस मुद्दे को लेकर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी और विधायक दल के नेता सदानंद सिंह के साथ मुलाकात कर चुकी हैं।

नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में पार्टी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी विधायकों की बैठक में बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी से पार्टी की बागडोर छीन कर दूसरे नेता को सौंप सकते हैं। बिहार के कांग्रेस विधायक काफी समय से अशोक चौधरी को हटाने की मांग करते आ रहें हैं। पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में जुटी हुई है।    

Advertising