SC के फैसले पर बोले राहुल गांधी- कांग्रेस का समर्थन करने के लिए 'शुक्रिया'

Wednesday, Sep 26, 2018 - 06:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने आज आधार को लेकर ऐतिहासिक फैसला दिया है। कोर्ट ने आधार की संवैधानिकता को बरकरार रखा है, जिसके तहत अब आधार को मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट से लिंक करना जरूरी नहीं है। इस फैसले पर कांग्रेस और भाजपा अपनी अलग-अलग राय रख रहे हैं। वित्त मंत्री अरुण जेतली के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।


राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी के लिए आधार सशक्तिकरण का माध्यम था और आज उच्चतम न्यायालय ने अपने फैसले में कांग्रेस के इसी नजरिये का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस के लिए आधार सशक्तिकरण का माध्यम था। भाजपा के लिए यह यह दमन और निगरानी का साधन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नजरिये का समर्थन करने और उसकी सुरक्षा करने के लिए उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद।


गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को अपने फैसले में केंद्र की महत्वाकांक्षी योजना आधार को संवैधानिक रूप से वैध करार दिया। प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने अपने फैसले में कहा कि आधार का लक्ष्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को समाज के वंचित तबके तक पहुंचाना है और वह न सिर्फ व्यक्तिगत, बल्कि समुदाय के दृष्टिकोण से भी लोगों के सम्मान का ख्याल रखती है। 


इस निर्णय के अनुसार, आधार कार्ड/नंबर को बैंक खाते से लिंक करना या जोड़ना अनिवार्य नहीं है। इसी तरह टेलिकॉम सेवा प्रदाता उपभोक्ताओं को अपने फोन से आधार नंबर को लिंक कराने के लिए नहीं कह सकते। पीठ ने कहा कि आयकर रिटर्न भरने और पैन कार्ड बनवाने के लिए आधार अनिवार्य है। 

vasudha

Advertising