अधिवेशन में बोले राहुल- BJP-RSS कौरव, हम पांडव

Sunday, Mar 18, 2018 - 06:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक की तुलना कौरवों से की। कांग्रेस के 84वें महाअधिवेशन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि कौरवों के पास धन और बाहुबल था और वे अहंकारी थे जबकि पांडव अपना सब कुछ खोने के बाद भी विनम्र थे लेकिन वे सच के लिए लड़ते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस कौरवों की तरह सत्ता के लिए लड़ते हैं जबकि कांग्रेस का काम हमेशा सच के लिए लडऩा है।

भाजपा एक संगठन की आवाज
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और आरएसएस पर सत्ता की लड़ाई लडऩे का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल में देश के करोड़ों युवाओं का भरोसा तोड़ा है। भाजपा और संघ कुर्सी की लडाई लड़ते हैं जबकि कांग्रेस की लडाई सच्चाई के लिए होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठन की आवाज बनकर काम करती है जबकि कांग्रेस राष्ट्र की आवाज है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस के नेता आजादी के दिनों जेल में रहे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 15 साल तक जेल की फर्श पर रहे जबकि आरएसएस विचारधारा के नेता अंग्रेजों से भीख मांगते रहे हैं। 

मोदी खुद को समझते हैं भगवान
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अपनी पिछली सरकार के कुछ वर्षों के दौरान लोगों की आशाओं पर खरी नहीं उतर पायी जिससे लोगों को ठेस पहुंची। नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच एक दीवार है और उनका पहला काम उस दीवार को तोडऩा है। इसे गुस्से से नहीं तोडा जायेगा बल्कि वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हुए उनके साथ सलाह मश्विरा कर ऐसा किया जायेगा। मोदी सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के कारण लाखों लोग बेरोजगार हो गये हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस देश को आगे ले जायेगी पर मुनष्य होने के नाते हमसे गलती हो जाती है। लेकिन मोदी जी मानते हैं कि वह मनुष्य नहीं बल्कि भगवान के ‘अवतार’हैं। 

2019 में भाजपा को मिलेगी हार 
राहुल ने 2019 के लोकसभा की चुनाव की तैयारी के आगाज का आहृवान करते हुए कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कड़ा अनुशासन दिखायें और मिलकर लड़ें। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि 2019 में हम जीतेंगे और भाजपा हारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग अगले साल यह दिखा देंगे कि चुनाव कैसे लड़ा और जीता जाता है। मंदिरों के दर्शन को लेकर भाजपा के कटाक्ष की पृष्ठभूमि में राहुल ने कहा कि वह मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर और गुरुद्वारे हर धार्मिक स्थल पर जाते हैं औैर गुजरात चुनाव से पहले भी जाते रहे हैं, क्योंकि उनकी नजर में भगवान हर जगह हैं। राहुल ने कहा कि अमेरिका और चीन के समानांतर भारत का अपना विजन तैयार करेंगे जिसे पूरी दुनिया सर्वश्रेष्ठ मानेगी।उन्होंने​ किसानों और नौजवानों के लिए भी काम करने का वादा किया। 

Punjab Kesari

Advertising