राहुल की मानसरोवर यात्रा दिखावटी, जो राष्ट्रीयता का सम्मान नहीं कर सकता, धर्म का कैसे करेगा: BJP

Monday, Apr 30, 2018 - 02:41 PM (IST)

बेंगलुरु: भाजपा के नेता राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कैलाश मानसरोवर जाने की योजना को दिखावटी करार देते हुए कहा कि जनता कांग्रेस को वोट नहीं देगी क्योंकि लोग उनके हिन्दुत्व के तिकड़म को समझते हैं। चंद्रशेखर ने यहां साक्षात्कार में गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह नरम हिन्दुत्व नहीं है। यह सब चुनाव से पहले का दिखावा है। उन्होंने कहा कि मंदिर जाने तथा अन्य जो कुछ भी गांधी करते हैं वह सब झूठ है। ब्रिटिश कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका ने अपनी प्रस्तुति में गांधी को जरूर कहा होगा कि कृपया मंदिर हो आइए और इससे हो सकता है कि हिन्दुओं के कुछ वोट शायद आपको मिल जाए। भाजपा नेता ने गांधी के हाल के वंदेमातरम विवाद पर कहा कि एक आदमी जो अपनी राष्ट्रीयता का सम्मान नहीं कर सकता, वह अपने धर्म का सम्मान कैसे करेगा।

भाजपा के राज्यसभा सासंद ने कहा कि गांधी ने अपने जीवन में हिंदुओं के लिए कभी कुछ नहीं किया है।जब भी चुनाव नजदीक आते हैं वह मंदिरों के दर्शन करने लगते हैं। गुजरात चुनाव में भी गांधी ने ऐसा किया और कर्नाटक में भी ऐसा ही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में एक बात साफ है कि अगर आप कुछ अच्छा नहीं करेंगे तो चुनाव नहीं जीत सकते हैं। सिर्फ दूसरों पर हमले करने से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। एक सवाल के जवाब में चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस में सभी लोग बुरे नहीं हैं लेकिन पार्टी की लाइन के कारण कुछ चापलूसी में लगे हुए हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद के विवादित बयान को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन खुर्शीद से जो सवाल किया गया उसके जवाब में उन्होंने माना कि कांग्रेस के दामन पर मुसलमानों के खून के दाग हैं। उन्होंने कहा कि क्या इसमें कोई शक है कि कांग्रेस का दामन पर मुसलमानों के खून के दाग हैं? भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं डॉ़ मनमोहन सिहं, पी. चिदंबरम तथा सलमान खुर्शीद ने मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने को गलत करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में बहुत सारे उनके दोस्त हैं जो अच्छे हैं और देशभक्त हैं लेकिन पार्टी में होने के कारण उसकी विचारधारा से बंधे है।

Seema Sharma

Advertising