राहुल गांधी का मध्यप्रदेश दौरा आज, कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

Monday, Sep 17, 2018 - 05:32 AM (IST)

भोपाल: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से लगभग डेढ़ घंटे तक संवाद करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद गांधी की यह पहली भोपाल यात्रा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश के कांग्रेस नेता इस कार्यक्रम को सफल बनाने की कवायद में जुटे हुए हैं। गांधी आज दोपहर लगभग एक बजे राजाभोज विमानतल पहुंचेंगे। वे लालघाटी से रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल भेल के दशहरा मैदान पर पहुंचेंगे। 

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बताया कि भेल दशहरा मैदान में कार्यक्रम की पूरी तैयारी हो गई है। गांधी यहां प्रदेश, जिले, ब्लॉक, वार्ड स्तर तक के कार्यकर्ताओं से आपसी संवाद करेंगे। इसमें वे अपनी बात भी कहेंगे और पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं की बात भी सुनेंगे। ओझा ने बताया कि एक बजे शुरू होने वाली लगभग 13 किलोमीटर लंबी रैली शाम लगभग चार बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। यहां शाम चार बजे से साढ़े पांच बजे तक गांधी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 15 हजार पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा गांधी की रैली में लगभग दो लाख लोगों के आने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार गांधी की रैली में भीड़ के लिए जिले के नेताओं को टारगेट दिए गए हैं। इसमें विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों भी अपने समर्थकों के साथ दम दिखाने का प्रयास करेंगे। रोड शो के पूरे रास्ते को कांग्रेस नेताओं ने बैनर-पोस्टर से पाट दिया है। जगह-जगह कांग्रेस के झंडे लगे हैं। कुछ पोस्टरों में मानसरोवर के फोटो के साथ गांधी को शिव भक्त भी लिखा गया है। 

गांधी का रोड शो विमानतल से शुरू होकर लालघाटी, वीआईपी गेस्ट हाउस, रॉयल मार्केट, सदर मंजिल, मोती मस्जिद क्रासिंग, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाणगंगा, रोषनपुरा चौराहा, न्यूमार्केट, नानके पेट्रोल पंप, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, बोर्ड ऑफिस चौराहा, चेतक ब्रिज होते हुए भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा। कार्यक्रम समाप्ति के बाद श्री गांधी वीआईपी रोड होते हुए स्टेट हेंगर जाएंगे। 

Pardeep

Advertising