किसानों से राहुल गांधी की 'दिल की बात', बोले- आपकी आवाज से हिंदुस्तान होगा आजाद

Tuesday, Sep 29, 2020 - 10:32 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने ऐलान किया कि वे इन कानूनों को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देंगे। इसी विरोध के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिल को लेकर किसानों के 'दिल की बात' जानी।  राहुल गांधी ने कहा कि किसान भाईयों की आवाज देश को आजादी दिला सकती है। 

 

कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को राहुल गांधी और किसानों के बीच की बातचीत का वीडियो जारी किया।  इसमें राहुल गांधी किसानों से पूछते हैं कि आपको क्यों लग रहा है कि एमएसपी चली जाएगी। इसपर किसान कहते हैं अगर कृषि कानून से किसानों को फायदा होता है तो एमएसपी के लिए सरकार कानून क्यों नहीं बनाती है। इस दौरान राहुल गांधी कहते हैं कि किसान की आवाज से ही हिंदुस्तान आजाद हुआ और आज एक बार फिर किसान की आवाज से हिंदुस्तान आजाद होगा।

कांग्रेस नेता ने सोमवार को सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि किसानों की आवाज संसद और बाहर दोनों जगह दबाई गई। उन्होंने कहा कि कृषि संबंधी कानून हमारे किसानों के लिए मौत का फरमान हैं। उनकी आवाज संसद और बाहर दोनों जगह दबाई गई। यहां इस बात का सबूत है कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है। 

बता दें कि हाल ही में संपन्न मानसून सत्र में संसद ने कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्द्धन और सुविधा) विधेयक-2020 और कृषक (सशक्तीकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन समझौता और कृषि सेवा पर करार विधेयक-2020 को मंजूरी दी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को इन विधेयकों को मंजूरी प्रदान कर दी जिसके बाद ये कानून बन गए।

vasudha

Advertising