महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव से राहुल गांधी ने बनाई दूरी, छुट्टी मनाने गए बैंकॉक!

Sunday, Oct 06, 2019 - 12:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब चुनाव प्रचार से भी किनारा करने लगे हैं। महाराष्ट्र-हरियाणा में विधानसभा चुनाव के बीच वह बैंकॉक के लिए रवाना हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह शनिवार को बैंकॉक के लिए विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट से रवाना हो गए। हालांकि, इस दौरे के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।

सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी से कहा है कि विधानसभा चुनावों में प्रचार नहीं करेंगे। वह खुद को अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड (केरल) तक ही सीमित रखेंगे। कांग्रेस ने हाल ही में महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है, जिसमें सोनिया गांधी, महमोहन सिंह और प्रियंका गांधी के साथ राहुल गांधी का भी नाम शामिल है। ऐसे में उनका विदेश दौरे पर जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। 

भाजपा नेताओं ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर तंज कसा है। बीजेपी आईटी सेल के मुखिया अमित मालवीय ने ट्वीट किया कि क्या आप भी हैरान हैं कि बैंकॉक क्यों ट्रेड कर रहा है। बता दें कि राहुल गांधी इससे पहले भी चुनाव से पहले अपने विदेश दौरे के लिए निशाने पर रहे हैं। 2015 में भी उनके बैंकॉक दौरे को लेकर सवाल खड़े किए गए थे।  

vasudha

Advertising